दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ हुई, सीएक्यूएम ने प्रदूषण रोधी उपाय लागू करने को कहा
दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ हुई, सीएक्यूएम ने प्रदूषण रोधी उपाय लागू करने को कहा
नयी दिल्ली, नौ जनवरी (भाषा) प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के कारण सोमवार को दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में चली गयी और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के सभी राज्यों को पूरी ऊर्जा के साथ प्रदूषण रोधी उपाय लागू करने का निर्देश दिया।
दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सोमवार शाम 4 बजे 434 था। रविवार को यह 371 था। एक्यूआई 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा कि कम तापमान, धीमी हवाएं और अधिक आर्द्रता की वजह से प्रदूषण बढ़ गया है।
सीएक्यूएम ने वायु प्रदूषण में अचानक वृद्धि को देखते हुए दिल्ली तथा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से लगते हरियाणा, उत्तर प्रदेश तथा राजस्थान राज्यों के अधिकारियों के साथ आकस्मिक समीक्षा बैठक बुलाई और उन्हें क्रमिक प्रतिक्रिया कार्य योजना (ग्रैप) के प्रावधान पूरे जोश के साथ लागू करने का निर्देश दिया।
आयोग ने प्रदूषण रोधी योजना के क्रियान्वयन के लिए पर्याप्त निरीक्षण दल तैनात करने की भी जरूरत बताई।
भाषा
वैभव अविनाश
अविनाश

Facebook


