दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘खराब’, न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस

Ads

दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘खराब’, न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस

  •  
  • Publish Date - October 26, 2025 / 07:59 PM IST,
    Updated On - October 26, 2025 / 07:59 PM IST

नयी दिल्ली, 26 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली की वायु गुणवत्ता रविवार को दिन के समय ‘बेहद खराब’ रहने के बाद ‘खराब’ श्रेणी में पहुंच गई, जबकि न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दो वर्ष में अक्टूबर में दर्ज किया गया सबसे कम तापमान है।

शहर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 292 दर्ज किया गया, जो सुबह 324 था।

हालांकि आनंद विहार में एक्यूआई 421 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है।

‘समीर’ ऐप पर केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़े के अनुसार, शहर भर के 29 निगरानी केंद्रों में 300 से ऊपर एक्यूआई दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है।

सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच ‘एक्यूआई’ को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच को ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच को ‘खराब’, 301 से 400 के बीच को ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच को ‘गंभीर’ माना जाता है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री कम रहा।

अक्टूबर 2023 में न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था जबकि पिछले साल इसी महीने यह 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा था।

आईएमडी के अनुसार, अधिकतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक 33.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

शाम 5.30 बजे आर्द्रता का स्तर 94 प्रतिशत रहा।

मौसम विभाग ने सोमवार को आसमान में सामान्यतः बादल छाए रहने, हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने और अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 29 व 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।

भाषा जितेंद्र अमित

अमित