दिल्ली के राममनोहर लोहिया अस्पताल में इस सीजन में लू से पीड़ित पहले मरीज को भर्ती किया गया

दिल्ली के राममनोहर लोहिया अस्पताल में इस सीजन में लू से पीड़ित पहले मरीज को भर्ती किया गया

दिल्ली के राममनोहर लोहिया अस्पताल में इस सीजन में लू से पीड़ित पहले मरीज को भर्ती किया गया
Modified Date: May 21, 2026 / 03:28 pm IST
Published Date: May 21, 2026 3:28 pm IST

नयी दिल्ली, 21 मई (भाषा) दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में बुधवार रात पश्चिम बंगाल के 24 वर्षीय विद्यार्थी को बेहोश हो जाने पर लाया गया है जो इस चिकित्सा केंद्र में गर्मी के मौसम में लू लगाने से तबीयत खराब होने पर भर्ती किया जाने वाला पहला मरीज है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि छात्र की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

अस्पताल के मेडिसिन विभाग के निदेशक प्रोफेसर डॉ. अजय चौहान ने बताया कि मरीज को रात करीब पौने दो बजे उल्टी, दस्त, बेहोशी और अत्यधिक तापमान जैसे लक्षणों के साथ भर्ती कराया गया।

चौहान ने बताया, ‘‘ वह ट्रेन में यात्रा कर रहा था और उसे उल्टी-दस्त हो रहे थे। उसे बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया। हमने तुरंत उसे बर्फ के पानी में रखा और उसे ठंडा करने की कोशिश की।’’

उन्होंने कहा कि डॉक्टरों ने मरीज को जल में रखकर ठंडा करने का इलाज शुरू किया और बाद में उसे मेडिकल वार्ड में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।

चौहान ने कहा, ‘‘मरीज की हालत अब भी बहुत गंभीर है। लू लगना जानलेवा स्थिति है।’’

उन्होंने लोगों से मौजूदा भीषण गर्मी के बीच सावधानी बरतने की अपील की।

उन्होंने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, नमक युक्त तरल पदार्थों का सेवन करने, धूप से बचने और बाहर काम करने की स्थिति में छायादार स्थानों का आश्रय लेने की सलाह दी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दिल्ली में बृहस्पतिवार को मई महीने की सबसे गर्म रात दर्ज की गई, जब न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी करते हुए भीषण लू की आशंका जताई है और दिन में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है।

भाषा राजकुमार शोभना

शोभना

शोभना


लेखक के बारे में