दिल्ली में अरुणाचल की छात्राओं के साथ कथित ‘नस्ली दुर्व्यवहार’ के मामले में सख्त कार्रवाई की मांग

दिल्ली में अरुणाचल की छात्राओं के साथ कथित ‘नस्ली दुर्व्यवहार’ के मामले में सख्त कार्रवाई की मांग

दिल्ली में अरुणाचल की छात्राओं के साथ कथित ‘नस्ली दुर्व्यवहार’ के मामले में सख्त कार्रवाई की मांग
Modified Date: February 23, 2026 / 07:04 pm IST
Published Date: February 23, 2026 7:04 pm IST

नयी दिल्ली, 23 फरवरी (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय के पूर्वोत्तर छात्र संगठन ने राष्ट्रीय राजधानी में अरुणाचल प्रदेश की तीन छात्राओं के कथित नस्ली उत्पीड़न की घटना की कड़ी निंदा की और दोषियों के खिलाफ सख्त व तत्काल कार्रवाई की मांग की।

छात्र संगठन ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा कि 19 फरवरी को दिल्ली के मालवीय नगर में अपने किराए के घर में एयर कंडीशनर लगवाते समय तीनों छात्राओं को आपत्तिजनक शब्दों, नस्ली टिप्पणियों और धमकियों का सामना करना पड़ा।

संगठन ने कहा कि मरम्मत कार्य के दौरान गलती से नीचे की मंजिल पर धूल गिरने के लिए इलेक्ट्रीशियन द्वारा माफी मांगने के बावजूद स्थिति अनावश्यक रूप से बिगड़ गई।

घटना से जुड़ा एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुआ, जिसमें छात्राओं को नस्ली टिप्पणियों और अपमानजनक नामों से पुकारते हुए देखा जा सकता है।

वीडियो में लोगों को यह कहते हुए भी सुना गया कि वे मसाज पार्लर चलाती हैं। दिल्ली पुलिस ने हर्ष सिंह और रूबी जैन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

संगठन के अनुसार, दोनों लोगों ने पूर्वोत्तर के लोगों को नस्ली रूप से रूढ़िबद्ध करने वाली कथित तौर पर टिप्पणियां कीं।

बयान में बताया गया कि आरोपियों ने छात्राओं को धमकाते हुए दावा किया कि उनके राजनीतिक संबंध हैं।

छात्र संगठन ने इस घटना को ‘बेहद चिंताजनक’ बताते हुए कहा कि पूर्वोत्तर के लोगों के साथ नस्लवाद और उत्पीड़न का यह पहला मामला नहीं है।

उन्होंने जवाबदेही सुनिश्चित करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए उचित कानूनी व अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की।

संगठन ने कहा कि अगर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो वह सभी कानूनी रास्ते अपनांएगे।

भाषा जितेंद्र रंजन

रंजन


लेखक के बारे में