कन्नूर में दंत चिकित्सा छात्र की मौत : परिजन ने लगाया हत्या का आरोप, संस्थान में किया प्रदर्शन

कन्नूर में दंत चिकित्सा छात्र की मौत : परिजन ने लगाया हत्या का आरोप, संस्थान में किया प्रदर्शन

कन्नूर में दंत चिकित्सा छात्र की मौत : परिजन ने लगाया हत्या का आरोप, संस्थान में किया प्रदर्शन
Modified Date: April 13, 2026 / 04:10 pm IST
Published Date: April 13, 2026 4:10 pm IST

तिरुवनंतपुरम, 13 अप्रैल (भाषा) कन्नूर दंत चिकित्सा महाविद्यालय के छात्र नितिन राज आर. एल. के माता-पिता ने सोमवार को दावा किया कि उनके बेटे को लगातार ‘‘भावनात्मक यातना’’ दी जा रही थी और यह हत्या का मामला है।

महाविद्यालय के संकाय सदस्यों द्वारा कथित तौर पर उत्पीड़न किए जाने के बाद राज (22) मृत पाया गया था।

तिरुवनंतपुरम जिले के पुथुकुलांगरा के उझलक्कल निवासी राज 10 अप्रैल की दोपहर एक इमारत से गिरने के बाद अंजराकांडी स्थित कन्नूर दंत चिकित्सा महाविद्यालय में मेडिकल कॉलेज ब्लॉक के पास गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला था।

उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बाद में उसने दम तोड़ दिया।

परिजन ने आरोप लगाया कि संकाय के दो सदस्यों द्वारा राज का भावनात्मक रूप से उत्पीड़न किया गया था, जिसके बाद ‘डेंटल एनाटॉमी’ विभाग के प्रमुख एम. के. राम और एसोसिएट प्रोफेसर के. टी. संगीता नाम्बियार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और अनुसूचित जाति/ अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

राज के पिता वाई.एल. राजन ने पत्रकारों से कहा कि उन्हें न्याय मिलने की बहुत कम उम्मीद है।

उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने मेरे बेटे को मार डाला। मैं किस तरह के न्याय की अपेक्षा करूं? मैंने उसकी शिक्षा के लिए बहुत मेहनत की थी। हमने सब कुछ खो दिया।’’

राजन ने आरोप लगाया कि राज की मौत के तीन दिन बाद भी महाविद्यालय के प्राधिकारियों की ओर से कोई संपर्क नहीं किया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘वह उस महाविद्यालय का छात्र था। प्राधिकारियों की ओर से एक शब्द भी नहीं कहा गया है। वहां के छात्र अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं और कुछ बोल नहीं रहे हैं। कम से कम एक छात्र को तो हमारे लिए आवाज उठानी चाहिए।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे को शिक्षकों द्वारा अक्सर यह कहा जाता था कि वह परीक्षा में असफल हो जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन उसे पूरा भरोसा था कि वह परीक्षा पास कर लेगा और पांच साल में कोर्स पूरा कर लेगा। इन सब बातों ने उसे भावनात्मक रूप से तोड़ दिया और उसकी जान ले ली।’’

इस बीच, कन्नूर दंत चिकित्सा महाविद्यालय में सोमवार को विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया।

केरल छात्र संघ (केएसयू) के नेताओं ने विरोध मार्च निकाला और महाविद्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया।

महाविद्यालय के गेट पर बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था।

हालांकि, केएसयू के नेता परिसर में प्रवेश करने में कामयाब रहे और उन्होंने महाविद्यालय के मुख्य द्वार के बाहर धरना प्रदर्शन किया।

उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की और कहा कि जब तक गिरफ्तारी नहीं हो जाती, वे अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे।

पुलिस ने बाद में केएसयू के कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया और उन्हें घटनास्थल से हटा दिया।

केएसयू कांग्रेस का छात्र संगठन है।

राजनीतिक संगठनों और उनके छात्र संगठनों ने भी विरोध प्रदर्शनों की घोषणा की है, जिसके तहत महाविद्यालय के पास और भी मार्च निकाले जा रहे हैं।

शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने कहा कि सरकार राज के परिवार के साथ खड़ी है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम जल्द ही परिवार को मुख्यमंत्री से मिलने का अवसर मुहैया कराने की व्यवस्था करेंगे।’’

पत्रकारों से बात करते हुए, शिवनकुट्टी ने कहा कि छात्रों को प्रताड़ित करने के लिए शिक्षकों द्वारा आंतरिक मूल्यांकन के अंकों के दुरुपयोग के मामले को सुलझाया जाएगा, और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उचित मानदंड लागू किए जाएंगे।

भाषा यासिर दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में