नयी दिल्ली, तीन अगस्त (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर एक नाबालिग लड़की के खिलाफ नोएडा पुलिस द्वारा दर्ज की गई शून्य प्राथमिकी को अबतक दिल्ली में नियमित प्राथमिकी में नहीं बदला गया है और इस मामले में अब तक राष्ट्रीय राजधानी में कोई अलग प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों ने कहा कि पिछले सप्ताह नोएडा पुलिस द्वारा दिल्ली पुलिस को भेजी गई शून्य प्राथमिकी की फिलहाल जांच की जा रही है और नियमित प्राथमिकी दर्ज करने पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
यह स्पष्टीकरण सोशल मीडिया पर इन दावों के बीच आया है कि दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप में नाबालिग लड़की के खिलाफ प्राथमिकी वापस ले ली है।
प्रधानमंत्री ने हाल में कहा था कि उन्होंने उन छात्रों को माफ कर दिया है जिन्होंने उन्हें और उनकी मां को गाली दी थी। उन्होंने कहा कि युवाओं को दंडित करने के बजाय सही राह दिखानी चाहिए।
पुलिस के एक सूत्र ने कहा, ‘इस समय दिल्ली में कोई नियमित प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। किसी भी प्राथमिकी को वापस लेने का सवाल ही नहीं उठता क्योंकि यहां ऐसी कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।’
पुलिस सूत्रों ने यह भी कहा कि विरोध प्रदर्शन के दौरान की गई कथित टिप्पणी के संबंध में किसी भी नाबालिग के खिलाफ दिल्ली में कोई अलग प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश