भोपाल : IBC24 Swarna Sharda Scholarship 2026 Live: मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की प्रतिभावान बेटियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से IBC24 के प्रतिष्ठित कार्यक्रम ‘स्वर्ण शारदा स्कॉलरशिप 2026’ का भव्य आगाज हुआ। इस कार्यक्रम में प्रदेश भर की टॉपर छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। IBC24 के एडिटर-इन-चीफ रवि कांत मित्तल ने सीएम डॉ. मोहन यादव से राज्य के विकास और समसामयिक मुद्दों पर कई महत्वपूर्ण सवाल किए, जिनका मुख्यमंत्री ने बेबाकी से जवाब दिया और छात्रों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्र सरकार की जनधन योजना और Direct Benefit Transfer (DBT) का जिक्र करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह पर निशाना साधा। सीएम मोहन यादव ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह दो बार देश के प्रधानमंत्री रहे, लेकिन जब उनसे पूछा जाता था कि हितग्राहियों के हक का पैसा उन तक सीधे कैसे पहुंचे, तो उनके पास इसका कोई स्पष्ट जवाब नहीं होता था। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीरो बैलेंस पर जनधन खाते खोलने की शुरुआत की, तो इसका सबसे ज्यादा विरोध किया गया।
उस समय कहा गया कि एक अकाउंट को मेंटेन करने में 27 रुपये का खर्च आता है और मोदी जी गलत कदम उठा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरा देश देख रहा है कि लोगों को उनके हक की राशि सीधे DBT के जरिए मिल रही है। यह चायवाले की चमत्कार का ही नतीजा है। उन्होंने आगे कहा कि डिग्रियों से परे, अगर जनता तक उनका अधिकार पहुंचाना था, तो पहले ऐसा क्यों नहीं किया गया? IBC24 का ‘स्वर्ण शारदा स्कॉलरशिप’ आयोजन न केवल मेधावी छात्रों के सपनों को पंख लगाने का काम कर रहा है, बल्कि समाज में बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।