पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति ‘चिंताजनक’ : मुफ्ती
पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति ‘चिंताजनक’ : मुफ्ती
श्रीनगर, 31 मई (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने रविवार को कहा कि इस महीने की शुरुआत में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद वहां कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति ‘‘चिंताजनक’’ है।
मुफ्ती ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा की जीत के बाद से कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति बेहद चिंताजनक है। जहां पुलिस जैसी निष्पक्ष संस्थाओं का अब इस तरह से दुरुपयोग किया जा रहा है कि वे अभिषेक बनर्जी जैसे राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ जानलेवा हमलों पर आंखें मूंद लें।’’
वह विपक्षी तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी पर भीड़ द्वारा किए गए हमले पर प्रतिक्रिया दे रही थीं।
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह ‘‘निश्चित रूप से’’ वैसा बदलाव नहीं है जिसके लिए पश्चिम बंगाल के लोगों ने मतदान किया था।
उन्होंने कहा, ‘‘क्या पश्चिम बंगाल के लोगों ने इसी बदलाव के लिए वोट दिया था? बिल्कुल नहीं।’’
भाषा
देवेंद्र अविनाश
अविनाश

Facebook


