धौलपुर जिले में बीते ढाई साल में दो हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य किये गए: मुख्यमंत्री शर्मा

Ads

धौलपुर जिले में बीते ढाई साल में दो हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य किये गए: मुख्यमंत्री शर्मा

  •  
  • Publish Date - July 28, 2026 / 05:34 PM IST,
    Updated On - July 28, 2026 / 05:34 PM IST

जयपुर, 28 जुलाई (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को कहा कि पिछले ढाई साल में धौलपुर जिले में लगभग 2,000 करोड़ रुपये के विकास कार्य किये गए हैं।

मुख्यमंत्री धौलपुर जिले के राजाखेड़ा क्षेत्र की फूलपुर ग्राम पंचायत में आयोजित लोकार्पण-शिलान्यास समारोह एवं जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि सरकार धौलपुर जिले के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ेगी और पिछले ढाई साल में जिले में लगभग 2,000 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं।

शर्मा ने कहा, “हम जनता की सुनते हैं, इसलिए न तो काम की कमी है और न ही बजट की।”

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लगभग 177 करोड़ रुपये लागत के 17 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनता को पानी, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और रोजगार सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत मिलने वाली राशि के अतिरिक्त तीन हजार रुपये देने का प्रावधान किया गया है।

शर्मा ने कहा कि किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ मिल रहा है और 26 जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।

इस अवसर पर गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को सशक्त और समृद्ध बनाने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं, युवाओं सहित प्रत्येक वर्ग के सपनों को साकार करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

बेढम ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है।

भाषा पृथ्वी जितेंद्र

जितेंद्र