सीआईएसएफ महानिदेशक ने अमरनाथ तीर्थयात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की
सीआईएसएफ महानिदेशक ने अमरनाथ तीर्थयात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की
श्रीनगर, 12 जुलाई (भाषा) केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के महानिदेशक प्रवीर रंजन ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में नुनवान आधार शिविर का दौरा कर अमरनाथ यात्रियों के लिए किए गए सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। सीआईएसएफ के एक प्रवक्ता ने रविवार को यह जानकारी दी।
प्रवक्ता ने बताया कि महानिदेशक रंजन ने यह समीक्षा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (उत्तर) सुधीर कुमार के साथ शनिवार को की।
उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान महानिदेशक ने समग्र सुरक्षा व्यवस्था, तैनाती योजना, पहुंच नियंत्रण उपायों, संचार नेटवर्क, निगरानी प्रणालियों, चिकित्सा सहायता के साथ-साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, जम्मू-कश्मीर पुलिस, नागरिक प्रशासन और अन्य हितधारकों के बीच समन्वय तंत्र की समीक्षा की।
उन्होंने बताया कि महानिदेशक ने तीर्थयात्री शिविरों का दौरा किया तथा स्वास्थ्य कर्मियों और महिला कर्मियों से मुलाकात की।
उन्होंने कर्मियों के पेशेवर रुख और समर्पण की सराहना की तथा पूरी यात्रा के दौरान उच्च स्तर की परिचालन तत्परता, सतर्कता और विभिन्न एजेंसियों के बीच निर्बाध समन्वय बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया।
रंजन ने सभी अधिकारियों और कर्मियों को मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का कड़ाई से पालन करने, हर समय सतर्क रहने और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा व सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
भाषा प्रचेता देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


