डीजीसीए ने विभिन्न चूक को लेकर वीएसआर वेंचर्स के खिलाफ कार्रवाई की, चार विमान के उपयोग पर रोक

डीजीसीए ने विभिन्न चूक को लेकर वीएसआर वेंचर्स के खिलाफ कार्रवाई की, चार विमान के उपयोग पर रोक

डीजीसीए ने विभिन्न चूक को लेकर वीएसआर वेंचर्स के खिलाफ कार्रवाई की, चार विमान के उपयोग पर रोक
Modified Date: February 24, 2026 / 10:24 pm IST
Published Date: February 24, 2026 10:24 pm IST

नयी दिल्ली, 24 फरवरी (भाषा) नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने कई अनुपालन चूक पाने के बाद, मंगलवार को ‘वीएसआर वेंचर्स’ को चार विमानों का उपयोग फिलहाल नहीं करने का निर्देश दिया।

इसी कंपनी का एक विमान पिछले महीने महाराष्ट्र के बारामती में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें राज्य के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों की मृत्यु हो गई थी।

लियरजेट 45 विमान (वीटी-एसएसके) के 28 जनवरी को दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद, डीजीसीए ने वीएसआर वेंचर्स का एक विशेष सुरक्षा ऑडिट करने का आदेश दिया था।

विमानन नियामक ने एक बयान में कहा कि बहु-विषयक ऑडिट दल ने कंपनी में विमान के उड़ान योग्य न होने, हवाई सुरक्षा और उड़ान संचालन के क्षेत्र में अनुमोदित प्रक्रियाओं के कई गैर-अनुपालन पाए।

बयान के अनुसार, ‘‘पाई गई अनियमितताओं तथा रखरखाव प्रक्रियाओं में मौजूद कमियों को ध्यान में रखते हुए, यह निर्णय लिया गया है कि पंजीकरण संख्या वीटी-वीआरए, वीटी-वीआरएस,वीटी-वीआरवी और वीटी-टीआरआई वाले लियरजेट 40/45 विमानों को तत्काल उपयोग से हटा कर सुधारात्मक उपाय शुरू किए जाएं, जब तक कि मानकों को बहाल नहीं कर दिया जाता।’’

इसके अलावा, डीजीसीए ने कहा कि वीएसआर वेंचर्स को संबंधित क्षेत्रों में कमियों की जानकारी देने के लिए फॉर्म जारी किए गए हैं ताकि वे नियमों के उल्लंघन के मूल कारणों का विश्लेषण प्रस्तुत कर सकें।

डीजीसीए आगे की कार्रवाई से पहले इन रिपोर्टों का मूल्यांकन करेगा।

हालांकि, वायुयान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (एएआईबी) से बारामती विमान हादसे पर 28 फरवरी से पहले अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट जारी करने की उम्मीद है, लेकिन कुछ वर्गों में यह दावा किया गया है कि दुर्घटना के पीछे कोई साजिश रही होगी।

भाषा सुभाष पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में