धनंजय मुंडे ने बीड हत्या मामले की जांच पर उठाए सवाल, मुख्य आरोपी को बचाने का लगाया आरोप
धनंजय मुंडे ने बीड हत्या मामले की जांच पर उठाए सवाल, मुख्य आरोपी को बचाने का लगाया आरोप
बीड, 27 जून (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के विधायक धनंजय मुंडे ने महाराष्ट्र के बीड जिले में विलास घुले की हत्या के मामले की पुलिस जांच पर सवाल उठाया और आरोप लगाया कि पुलिस मुख्य आरोपी को बचाने का प्रयास कर रही है।
पूर्व मंत्री मुंडे ने शुक्रवार को कैज तहसील में घुले के परिजनों से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में प्रश्न किया कि जब इस मामले में नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, तो दसवां और कथित मुख्य आरोपी अब तक फरार क्यों है?
बीड तहसील के कदमवाड़ी के पास 19 जून को हुए एक विवाद में बीच-बचाव के दौरान विलास घुले की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में एक पूरक शिकायत भी दर्ज की गई है, जिसमें बीड के सांसद बजरंग सोनवणे के पुत्र सौरव सोनवणे की कथित संलिप्तता का आरोप लगाया गया है।
मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।
मुंडे ने कहा, ‘‘पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन जो व्यक्ति कथित तौर पर मुख्य आरोपी है, उसे अब तक क्यों नहीं पकड़ा गया? क्या उसे जानबूझकर छोड़ा गया है ताकि सबूत नष्ट किए जा सकें?’’
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रभावशाली परिवार से संबंध होने के कारण आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने से बच रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘क्या पुलिस उसे इसलिए गिरफ्तार नहीं कर रही है क्योंकि वह एक प्रभावशाली व्यक्ति का बेटा है? जब बाकी सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, तो केवल इसी आरोपी को क्यों संरक्षण दिया जा रहा है?’’
बीड जिले की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए मुंडे ने कहा कि इस वर्ष अब तक जिले में 22 हत्याएं हो चुकी हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पुलिस जांच पर गंभीर संदेह है। ऐसा प्रतीत होता है कि एक आरोपी को बचाने की कोशिश की जा रही है। जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल जाता, हम चुप नहीं बैठेंगे और अपना आंदोलन जारी रखेंगे।’’
भाषा शोभना गोला
गोला

Facebook


