दिलजीत दोसांझ ने राजनीति में उतरने की बात को खारिज किया, कहा- ‘मेरा काम मनोरंजन करना’
दिलजीत दोसांझ ने राजनीति में उतरने की बात को खारिज किया, कहा- 'मेरा काम मनोरंजन करना'
नयी दिल्ली, नौ मई (भाषा) गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने शनिवार को राजनीति में कदम रखने की अफवाहों को यह कहकर खारिज कर दिया कि वह लोगों का मनोरंजन करके ‘बहुत खुश’ हैं।
दोसांझ ने ‘एक्स’ पर एक आलेख साझा किया जिसमें यह अटकलें लगाई गई थीं कि क्या वैश्विक स्तर पर मशहूर पंजाबी गायक-अभिनेता ऐसी राजनीतिक हस्ती बन सकते है, जिसकी पंजाब को तलाश है।
दोसांझ ने अपनी बात स्पष्ट करते हुए लिखा, ‘कभी नहीं… मेरा काम मनोरंजन करना है। मैं अपने क्षेत्र में बहुत खुश हूं। बहुत-बहुत धन्यवाद।’
रिपोर्ट में इस बात पर प्रकाश डाला गया था कि कैसे एक नागरिक समाज समूह, जागो पंजाब मंच ने सार्वजनिक रूप से दोसांझ से राजनीतिक क्षेत्र में प्रवेश करने की अपील की थी और उन्हें ऐसा नेता बताया था जिसकी ‘आर्थिक तंगी और नशे की समस्या से जूझ रहे’ पंजाब को जरूरत है।
सेवानिवृत्त नौकरशाहों और सैन्यकर्मियों सहित अन्य लोगों के नेतृत्व वाले समूह ने तर्क दिया कि दोसांझ की लोकप्रियता का मूल कारण यही है कि उन्होंने कभी सत्ता पाने की लालसा नहीं रखी।
वर्ष 2020 में, दोसांझ तब सुर्खियों में आए जब उन्होंने विवादास्पद कृषि विधेयकों के खिलाफ किसानों के विरोध प्रदर्शन का समर्थन किया, जिन विधेयकों को बाद में केंद्र सरकार ने रद्द कर दिया था।
हाल ही में, दोसांझ तब चर्चा में आए जब उन्होंने कनाडा में अपने संगीत कार्यक्रम में खालिस्तानी झंडे लहराए जाने पर आपत्ति जताई।
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में, गायक को भीड़ में मौजूद प्रदर्शनकारियों से कड़े शब्दों में बात करते हुए देखा गया।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर आपको अब भी इस बात से परेशानी है कि मैं टीवी पर किसी के साथ बैठा था… तो जितना मन चाहे उतने झंडे लहराते रहो।’’
उन्होंने प्रदर्शनकारियों से कहा कि वे हंगामा बंद करें और कहीं और चले जाएं।
दोसांझ को आखिरी बार बॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘बॉर्डर 2’ में देखा गया था और अब वे इम्तियाज अली द्वारा निर्देशित रोमांटिक ड्रामा ‘मैं वापस आऊंगा’ की रिलीज के लिए तैयार हैं। यह फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
भाषा
राखी संतोष
संतोष

Facebook


