जाह्नवी कपूर के समर्थन में आईं डिंपल हयाती, ट्रोलर्स पर निशाना साधा

जाह्नवी कपूर के समर्थन में आईं डिंपल हयाती, ट्रोलर्स पर निशाना साधा

जाह्नवी कपूर के समर्थन में आईं डिंपल हयाती, ट्रोलर्स पर निशाना साधा
Modified Date: June 8, 2026 / 12:42 pm IST
Published Date: June 8, 2026 12:42 pm IST

नयी दिल्ली, आठ जून (भाषा) अभिनेत्री डिंपल हयाती ने फिल्म ‘पेद्दी’ के विवाद के बीच जाह्नवी कपूर का समर्थन करते हुए उनकी आलोचना करने वाले ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया और कहा कि कई अभिनेत्रियों को ऐसी भूमिकाएं नहीं मिल पातीं जो उनकी क्षमताओं को पूरी तरह से प्रदर्शित कर सकें।

हयाती ने रविवार को अपने ‘एक्स’ हैंडल पर कपूर के समर्थन में एक संदेश साझा किया। दरअसल दर्शकों के एक वर्ग ने फिल्म की आलोचना करते हुए कहा कि उसके कैमरा वर्क, संवादों और राम चरण तथा कपूर के बीच दिखाए गए रोमांटिक दृश्यों के माध्यम से महिलाओं को वस्तु की तरह प्रस्तुत (ऑब्जेक्टिफाई) किया गया है।

हयाती ने कहा कि अगर किरदारों को ठीक से नहीं लिखा गया है, तो इसकी ज़िम्मेदारी अभिनेता की नहीं बल्कि लेखन और फिल्म निर्माण से जुड़े लोगों की होती है। कपूर का समर्थन करने के लिए हयाती को बाद में ट्रोल किया गया।

सोमवार को एक पोस्ट में हयाती ने ट्रोलर्स पर जमकर हमला बोला और कहा कि उनके विचार उनके अनुभव से बने हैं और उनका दूसरों के विचारों से मेल खाना जरूरी नहीं है।

उन्होंने लिखा, ‘दोस्तो, शांत हो जाइए, तनावमुक्त हो जाइए, कृपया अपने जीवन पर ध्यान केंद्रित कीजिए… मेरा अपना जीवन है, मेरी राय या मेरे अनुभव आपसे मेल खाने जरूरी नहीं हैं और न ही मैं आकर आपमें से हर एक के सवालों का जवाब दूंगी।’

अभिनेत्री ने कहा कि कुछ अभिनेत्रियों को अपने लिए लिखे गए या उन्हें दिए गए किरदारों की सीमाओं में ही सालों तक काम करना पड़ता है।

उन्होंने लिखा, ‘लेकिन एक बात याद रखनी चाहिए कि हर अभिनेत्री इतनी भाग्यशाली नहीं होती कि उसे ऐसे किरदार मिलें जो उसकी प्रतिभा को पूरी तरह से प्रदर्शित कर सकें।’

फिल्म को लेकर हो रही आलोचनाओं पर निर्देशक बुची सना ने भी शनिवार को सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर जवाब दिया और कहा कि फिल्म में आवश्यक बदलाव किए जाएंगे।

फिल्म चार जून को रिलीज हुई और वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर चुकी है।

भाषा तान्या वैभव

वैभव


लेखक के बारे में