राजस्थान में हवाई सेवाओं के विस्तार पर चर्चा
राजस्थान में हवाई सेवाओं के विस्तार पर चर्चा
जयपुर, सात मार्च (भाषा) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को यहां एक बैठक में राज्य में हवाई सेवाओं के विस्तार पर चर्चा की।
इस बैठक में राजस्थान में हवाई सेवाओं के विस्तार, हवाई पट्टियों में बढ़ोतरी और उन्नयन, हवाई अड्डों पर विकास कार्य, हवाई संपर्क बढ़ाने, नए हवाई अड्डों की संभावनाएं तलाशने सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।
आधिकारिक बयान के अनुसार लोकसभा अध्यक्ष ने घरेलू हवाई अड्डों की संभावनाओं पर काम करने पर जोर दिया। बिरला ने कहा कि राजस्थान बड़ा भौगोलिक क्षेत्र वाला प्रदेश है, इसलिए धार्मिक, पर्यटन, शिक्षण एवं वाणिज्यिक स्थलों पर सुगम पहुंच के लिए नवीन हवाई पट्टी और घरेलू हवाई अड्डे की संभावनाओं पर काम किया जाना बेहद जरूरी है।
इसी प्रकार केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री नायडू ने राज्य में हवाई सेवाओं के बेहतर संचालन एवं नियंत्रण के लिए स्वतंत्र निदेशालय के गठन का सुझाव दिया। नायडू ने कहा कि इससे राज्य में नागरिक उड्डयन क्षेत्र तेजी से प्रगति कर सकेगा।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार बेहतर हवाई संपर्क और अत्याधुनिक हवाई सुविधाओं के लिए कार्ययोजना के अनुसार काम कर रही है। शर्मा ने कहा कि आरसीएस उड़ान योजना के माध्यम से विभिन्न जिलों के बीच हवाई सेवाओं के विस्तार और बढ़ोतरी तथा प्रमुख हवाईअड्डों से भी नवीन उड़ानों की कार्ययोजना पर काम किया जाना चाहिए।
यहां हवाई अड्डे के स्टेट हैंगर में आयोजित इस बैठक में राजस्थान के नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री) अखिल अरोड़ा व भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अध्यक्ष विपिन कुमार भी मौजूद थे।
भाषा
पृथ्वी
रवि कांत

Facebook


