द्रमुक और अन्नाद्रमुक ने ‘संयुक्त रूप से’ मुझे मुख्यमंत्री बनने का प्रस्ताव दिया था: थिरुमावलवन
द्रमुक और अन्नाद्रमुक ने ‘संयुक्त रूप से’ मुझे मुख्यमंत्री बनने का प्रस्ताव दिया था: थिरुमावलवन
चेन्नई, 12 मई (भाषा) वीसीके प्रमुख थोल थिरुमावलवन ने मंगलवार को दावा किया कि उन्हें तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनाने के लिए द्रमुक और अन्नाद्रमुक दोनों ने संयुक्त रूप से उनसे संपर्क किया था ताकि दोनों द्रविड़ दल मिलकर टीवीके को सत्ता से दूर रखने के लिए सरकार बना सकें।
वीसीके प्रमुख का यह बयान ऐसे समय आया है जब ऑल इंडिया अन्नाद्रमुक कषगम के कुछ विधायकों ने पार्टी प्रमुख एडप्पाडी के पालानीसामी पर टीवीके को सत्ता से दूर रखने के लिए धुर प्रतिद्वंद्वी द्रमुक से गठबंधन करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।
इस गुट ने बुधवार को सदन में होने वाले बहुमत परीक्षण से पहले ही सी जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली सरकार को समर्थन देने की घोषणा भी कर दी है।
हालांकि द्रविड़ मुनेत्र कषगम ने ऐसे दावों को खारिज कर दिया है।
थिरुमावलवन ने यहां संवाददाताओं से कहा, “मुझे सूचना मिली थी कि उन्होंने (द्रमुक और अन्नाद्रमुक) मुझे मुख्यमंत्री बनाने का फैसला किया है। हालांकि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा के बाद हमने इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया।”
वीसीके द्वारा टीवीके को समर्थन देने में देरी के आरोपों पर उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी कोई फैसला जल्दबाजी में नहीं लेना चाहती थी।
उन्होंने कहा, “आठ मई को मैंने पार्टी नेताओं के साथ जूम बैठक के जरिए चर्चा की। हालांकि हम किसी निष्कर्ष पर पहुंच गए थे, लेकिन तुरंत इसकी घोषणा नहीं कर सके क्योंकि इस पर और विचार-विमर्श होना था।”
थिरुमावलवन ने कहा कि नौ मई को वीसीके और टीवीके समर्थकों को उम्मीद थी कि सुबह कोई घोषणा की जाएगी, लेकिन पार्टी ने ऐसा कोई आश्वासन नहीं दिया था।
उन्होंने कहा, “हमने यह नहीं कहा था कि वीसीके नौ मई की सुबह कोई बयान जारी करेगी। चर्चा एक लंबी प्रक्रिया होती है। इसलिए हमने टीवीके को समर्थन देने के लिए समय लिया।”
वीसीके ने विधानसभा चुनाव में दो सीटें जीती हैं और सरकार गठन के लिए टीवीके को समर्थन दिया है।
भाषा मनीषा नरेश
नरेश

Facebook


