तमिलनाडु सरकार ने महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना का नाम बदला, द्रमुक ने की आलोचना
तमिलनाडु सरकार ने महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना का नाम बदला, द्रमुक ने की आलोचना
चेन्नई, 11 जुलाई (भाषा) तमिलनाडु में सत्तारूढ़ दल तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की द्रमुक की प्रमुख योजना ‘मगलीर विडियाल पयनम’ का नाम बदलकर ‘मगलीर पयनम’ कर दिया है। इस पर विपक्षी पार्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नाम बदलने से इतिहास नहीं बदलता।
हटाये गए शब्द ‘विडियाल’ का तमिल में अर्थ ‘भोर’ होता है। द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने अपने चुनाव प्रचार अभियान के दौरान इसका व्यापक रूप से इस्तेमाल किया था।
हालांकि, मुफ्त यात्रा की सुविधाएं पहले की तरह ही बनी हुई हैं।
सार्वजनिक परिवहन की एमटीसी (महानगर परिवहन निगम) और टीएनएसटीसी (तमिलनाडु राज्य परिवहन निगम) बसों के डिजिटल गंतव्य बोर्ड पर नया नाम प्रमुखता से दर्शाया जा रहा है।
द्रमुक की आईटी इकाई ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को लगता है कि नाम बदलने से द्रमुक को इसका श्रेय नहीं मिलेगा। उन्हें महिलाओं के लिए पूरे राज्य में मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने के अपने चुनावी वादे को पूरा करना चाहिए।’’
टीवीके सरकार के इस कदम की आलोचना करते हुए द्रमुक नेता थंगम थेन्नारासु ने कहा, ‘‘आप नाम बदल सकते हैं, इतिहास नहीं।’’
भाषा सुभाष पवनेश
पवनेश

Facebook


