तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में द्रमुक की हार तय है: प्रधानमंत्री मोदी

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में द्रमुक की हार तय है: प्रधानमंत्री मोदी

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में द्रमुक की हार तय है: प्रधानमंत्री मोदी
Modified Date: April 15, 2026 / 06:48 pm IST
Published Date: April 15, 2026 6:48 pm IST

(फोटो के साथ)

नागरकोइल (तमिलनाडु), 15 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए राजग उम्मीदवारों के समर्थन में बुधवार को एक रोडशो किया और कहा कि अन्नाद्रमुक के नेतृत्व वाला गठबंधन ‘‘निश्चित रूप से जीतेगा’’ जबकि सत्तारूढ़ द्रमुक की हार तय है।

ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन और उनके पूर्ववर्ती के. अन्नामलाई के साथ कन्याकुमारी जिले के नागरकोइल में मोदी एक सजे-धजे वाहन के ऊपर खड़े होकर, सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में मौजूद लोगों का अभिवादन कर रहे थे।

इस कस्बे में वेप्पामूडु जंक्शन से वडासेरी तक लगभग 1.5 किलोमीटर की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री पर लोगों ने फूलों की पंखुड़ियां बरसाईं।

रोडशो के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘‘मोदी, मोदी’’ और ‘‘भारत माता की जय’’ के नारे लगाये।

प्रधानमंत्री ने भीम राव आंबेडकर और द्रविड़ विचारधारा के दिग्गज दिवंगत सी.एन. अन्नादुरई और एम.जी. रामचंद्रन (एम.जी.आर.) की तस्वीरों पर पुष्पांजलि अर्पित की। एम.जी. रामचंद्रन अन्नाद्रमुक के संस्थापक थे।

बाद में, अपने साथ आए नेताओं और क्षेत्र के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उम्मीदवारों के साथ बातचीत में, उन्होंने 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों में राजग की जीत का पूरा भरोसा जताया।

उन्होंने कहा, ‘‘राजग की जीत निश्चित है, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) की हार तय है और हमें बेहतर तमिलनाडु, विकसित तमिलनाडु के लिए वोट देना होगा।’’

रोडशो के समापन पर, मोदी वाहन से उतरे और प्रतीक्षारत भीड़ की ओर बढ़े और जनता का अभिवादन किया।

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए 23 अप्रैल को मतदान होना है और मतगणना चार मई को होगी।

भाषा

देवेंद्र सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में