अचानक आई बाढ़ में डोडा-किश्तवाड़ राजमार्ग बाधित, क्वार बिजली परियोजना पर गाड़ियां मलबे में दबीं

अचानक आई बाढ़ में डोडा-किश्तवाड़ राजमार्ग बाधित, क्वार बिजली परियोजना पर गाड़ियां मलबे में दबीं

अचानक आई बाढ़ में डोडा-किश्तवाड़ राजमार्ग बाधित, क्वार बिजली परियोजना पर गाड़ियां मलबे में दबीं
Modified Date: July 6, 2026 / 01:36 pm IST
Published Date: July 6, 2026 1:36 pm IST

जम्मू, छह जुलाई (भाषा) जम्मू कश्मीर में रविवार को रात भर हुई लगातार बारिश की वजह से अचानक आयी बाढ़ के कारण डोडा-किश्तवाड़ राजमार्ग का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया जिससे वाहनों की आवाजाही बाधित हुई तथा पर्वतीय जिलों डोडा और किश्तवाड़ में निर्माणाधीन 540 मेगावाट वाली क्वार पनबिजली परियोजना के पास कई गाड़ियां मलबे में दब गईं।

अचानक बाढ़ आने के बाद राजमार्ग पर भारी मात्रा में कीचड़, चट्टानें और मलबा जमा हो गया।

अधिकारियों ने कहा कि राजमार्ग का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया जिससे यातायात निलंबित कर दिया गया। बाढ़ के मलबे में फंसे कई वाहन प्रेम नगर में सड़क किनारे खड़े दिखे। हालांकि बाढ़ में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।

अधिकारियों ने सड़क की सफाई और मरम्मत का काम शुरू कर दिया है, वहीं यात्रियों को सलाह दी गई है कि मार्ग के दोबारा खुलने तक वे राजमार्ग पर यात्रा करने से बचें और आधिकारिक यातायात निर्देशों का पालन करें।

पड़ोसी किश्तवाड़ जिले में भी भारी बारिश के कारण निर्माणाधीन 540 मेगावाट क्वार पनबिजली परियोजना के सुरंग क्षेत्र के पास एक बड़ा भूस्खलन हुआ और कीचड़ का मलबा जमा हो गया।

अधिकारियों ने बताया कि अचानक आई बाढ़ अपने साथ परियोजना क्षेत्र में भारी मात्रा में कीचड़ और पत्थर ले आई, जिससे ट्रकों, खुदाई में इस्तेमाल होने वाले भारी वाहन और अन्य निर्माण उपकरणों सहित कई वाहन दब गए तथा निर्माण सामग्री को भी नुकसान पहुंचा।

उन्होंने बताया कि कई गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और मलबे के नीचे फंसी हुई हैं; फंसी हुई गाड़ियों को निकालने और प्रभावित जगह पर सामान्य स्थिति बहाल करने का काम जारी है।

अधिकारियों ने बताया कि रियासी जिले के ऊंचाई वाले इलाकों से भी अचानक बाढ़ आने की छिटपुट घटनाओं की खबर मिली है।

प्रशासन ने पहले ही जम्मू कश्मीर के संवेदनशील इलाकों में भारी बारिश, आंधी-तूफान, अचानक बाढ़ और भूस्खलन की चेतावनी जारी की थी और लोगों, खासकर नदियों के तटीय इलाकों और नालों के किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और असुरक्षित जगहों से दूर रहने की अपील की थी।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में जम्मू क्षेत्र में सबसे अधिक बारिश सांबा में (90 मिलीमीटर) दर्ज की गई, इसके बाद कठुआ (66.2 मिलीमीटर), कटरा (44.4 मिलीमीटर), डोडा (42 मिलीमीटर), जम्मू (41.8 मिलीमीटर), उधमपुर (40.6 मिलीमीटर), भद्रवाह (33.6 मिलीमीटर), किश्तवाड़ (24 मिलीमीटर), रियासी (10.5 मिलीमीटर), बटोत (4.7 मिलीमीटर), रामबन (4.5 मिलीमीटर) और बनिहाल (0.4 मिलीमीटर) का स्थान रहा।

भाषा सुरभि नरेश

नरेश


लेखक के बारे में