घरेलू हिंसा की घटना: पति ने होमगार्ड पत्नी की हत्या की

घरेलू हिंसा की घटना: पति ने होमगार्ड पत्नी की हत्या की

घरेलू हिंसा की घटना: पति ने होमगार्ड पत्नी की हत्या की
Modified Date: June 16, 2026 / 03:21 pm IST
Published Date: June 16, 2026 3:21 pm IST

बेंगलुरु, 16 जून (भाषा) बेंगलुरु में 34 वर्षीय होमगार्ड महिला की उसके पति ने वैवाहिक विवाद के बाद उसकी बेटी और मां के सामने कथित रूप से चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान मंजुला के रूप में हुई है, जो महादेवपुरा पुलिस थाने में होमगार्ड के रूप में कार्यरत थी। पुलिस ने बताया कि महिला के पति प्रदीप कुमार (38) को गिरफ्तार कर लिया गया है, जो एक ऑटो-रिक्शा चालक था।

पुलिस ने बताया कि मंजुला अपने पति के साथ अक्सर झगड़ा होने के चलते पिछले लगभग एक महीने से अपने दो बच्चों के साथ उदयनगर स्थित अपने मायके में रह रही थी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार शाम को हुई जब कुमार सुलह करने के बहाने अपनी पत्नी के माता-पिता के घर गया था। पुलिस के अनुसार, वह चाहता था कि मंजुला अपने बच्चों के साथ उसके घर लौट आए, लेकिन उसने इनकार कर दिया।

पुलिस के अनुसार, आरोप है कि वह उसके पैरों में गिरकर माफी मांगने लगा और जब वह असावधान थी, तभी उसने चाकू निकालकर उस पर कई बार वार कर दिया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि महिला के शरीर पर चाकू के कम से कम आठ घाव आए, जिनमें पर छाती और पेट के घाव शामिल हैं। अधिकारी ने बताया कि उनकी 14 वर्षीय बेटी ने भी बीच-बचाव करके अपनी मां को बचाने की कोशिश की, इस दौरान उसके हाथ की उंगली में चोट लग गई।

उन्होंने बताया कि मंजुला को तुरंत एक नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि हमले के बाद प्रदीप मौके से कथित तौर पर फरार हो गया और बाद में उसने पुलिस को सूचना दी कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। पुलिस ने बताया कि प्रदीप ने बाद में अपनी कलाई काटकर आत्महत्या की कोशिश भी की।

जांचकर्ताओं ने बताया कि दोनों की शादी को 15 साल हो चुके थे और उनके बीच अक्सर विवाद होता था। उन्होंने बताया कि विवाद मुख्य रूप से प्रदीप की सट्टेबाजी, ऑनलाइन गेमिंग और शराब की लत को लेकर होता था, जिसके कारण परिवार आर्थिक संकट में आ गया था।

पुलिस ने यह भी बताया कि प्रदीप को अपनी पत्नी के चरित्र पर भी संदेह था।

पुलिस के अनुसार घटना से कुछ घंटे पहले कुमार ने कथित तौर पर सेल्फी वीडियो रिकॉर्ड किए थे, जिनमें उसने कहा कि उसकी सट्टेबाजी की आदत ने उसके परिवार को बर्बाद कर दिया है और यह भी दावा किया कि वह और उसकी पत्नी जल्द ही मर जाएंगे।

पुलिस के अनुसार वीडियो में उसने अपनी सास और एक अन्य रिश्तेदार पर मंजुला को उससे अलग रहने के लिए मनाने का आरोप भी लगाया। पुलिस ने बताया कि प्रदीप को हिरासत में लिया गया और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया और मामले की जांच जारी है।

भाषा तान्या मनीषा अमित

अमित


लेखक के बारे में