कांडला बंदरगाह पर डीआरआई ने जब्त किए पाकिस्तान से लाए गए तीन करोड़ रुपये मूल्य के छुआरे
कांडला बंदरगाह पर डीआरआई ने जब्त किए पाकिस्तान से लाए गए तीन करोड़ रुपये मूल्य के छुआरे
नयी दिल्ली, पांच अगस्त (भाषा) राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने पाकिस्तान से होने वाले आयात पर लगे प्रतिबंध का उल्लंघन करने की कोशिश को नाकाम करते हुए कांडला बंदरगाह पर तीन करोड़ रुपये मूल्य के 364 मीट्रिक टन छुआरे ज़ब्त किए हैं।
वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने किसी अन्य देश को जरिया बनाकर और गलत घोषणा के जरिए पाकिस्तानी मूल का सामान भारत लाने के मामले का पर्दाफाश किया है।
गोपनीय जानकारी के आधार पर चलाए गए एक अभियान के तहत, डीआरआई के अधिकारियों ने कांडला बंदरगाह पर आयात किए गए 13 कंटेनरों को रोका, जिनमें लगभग तीन करोड़ रुपये मूल्य के 364 मीट्रिक टन (एमटी) छुआरे रखे हुए थे। जांच में पता चला कि यद्यपि इस सामान का मूल देश संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) घोषित किया गया था, लेकिन वास्तव में यह पाकिस्तानी मूल का था।
बयान के अनुसार, जांच से यह स्थापित हुआ कि सामान को पहले पाकिस्तान से दुबई ले जाया गया और बाद में भारत भेजे जाने से पहले इसे कंटेनरों के दूसरे सेट में स्थानांतरित कर दिया गया।
आयातकों ने कथित तौर पर पाकिस्तानी मूल के सामान के आयात पर लगे प्रतिबंध से बचने की कोशिश में मुख्य तथ्यों को छिपाया और मूल देश की गलत घोषणा की।
मंत्रालय ने कहा कि तदनुसार, सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के संबंधित प्रावधानों के तहत पूरी खेप को जब्त कर लिया गया।
भाषा सुमित नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


