कानपुर में दवा व्यापारी की घर में गला रेतकर हत्या, घरेलू सहायक पर संदेह

Ads

कानपुर में दवा व्यापारी की घर में गला रेतकर हत्या, घरेलू सहायक पर संदेह

  •  
  • Publish Date - September 6, 2026 / 01:42 PM IST,
    Updated On - September 6, 2026 / 01:42 PM IST

कानपुर (उप्र), छह सितंबर (भाषा) कानपुर के इंदिरा नगर इलाके में 50 वर्षीय एक दवा व्यापारी की उसके घर के अंदर कथित तौर पर गला रेतकर हत्या कर दी गई।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, विनीत मनोचा शनिवार को रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट में अपने सी-104 फ्लैट में खून से लथपथ पाए गए थे। उन्होंने बताया कि वारदात के समय वह घर पर अकेले थे, जबकि उनका बेटा सुब्रत मनोचा अपनी पत्नी के साथ एक पार्टी में गया था।

सूत्रों ने बताया कि पुलिस को उसके घरेलू सहायक और एक अन्य व्यक्ति की संलिप्तता का संदेह है।

उन्होंने बताया कि सुब्रत रात करीब नौ बजकर 40 मिनट पर घर से निकला था और सीसीटीवी फुटेज में दो लोग उसके छह मिनट बाद अपार्टमेंट में प्रवेश करते और लगभग 11 बजकर 28 मिनट पर बाहर निकलते हुए दिखाई दे रहे हैं।

उन्होंने बताया कि सुब्रत ने संदिग्धों में से एक की पहचान घर में काम करने वाले एक सहायक के रूप में की है।

सूत्रों ने बताया कि दवा कारोबारी विनीत मनोचा ने इस घरेलू सहायक को हाल में किसी बात पर डांटा था और पुलिस को संदेह है कि इसी रंजिश के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया होगा।

उन्होंने बताया कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या उसने किसी अन्य व्यक्ति की मदद से हत्या की योजना बनाई थी।

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सुब्रत सुबह करीब साढ़े चार बजे घर लौटा तो उसने अपने पिता को खून से लथपथ देखकर पुलिस को सूचित किया।

उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल की जांच की और सबूत एकत्र किये हैं, जबकि हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार को बरामद करने के प्रयास जारी हैं।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मध्य) राजेश पांडेय ने कहा कि संदिग्धों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फ्लैट से कोई कीमती वस्तु या अन्य सामान गायब तो नहीं है।

पांडेय ने कहा कि मृतक के बेटे की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भाषा सं. सलीम गोला

गोला