मादक पदार्थों का तस्कर सलीम डोला बुल्गारिया के पासपोर्ट पर तुर्किये में रह रहा था: अधिकारी
मादक पदार्थों का तस्कर सलीम डोला बुल्गारिया के पासपोर्ट पर तुर्किये में रह रहा था: अधिकारी
नयी दिल्ली, एक मई (भाषा) तुर्किये से हाल ही में भारत लाया गया मादक पदार्थों का अंतरराष्ट्रीय तस्कर मोहम्मद सलीम डोला वहां फर्जी नाम से बुल्गारिया के पासपोर्ट पर रह रहा था। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
मुंबई की एक स्थानीय अदालत ने बृहस्पतिवार को डोला (59) को आठ मई तक के लिए स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) की हिरासत में भेज दिया।
अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला कि डोला बुल्गारिया के पासपोर्ट के साथ तुर्किये में हमजा नाम से रह रहा था।
उन्होंने बताया कि बुल्गारिया का उसका पासपोर्ट वैध था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।
जांच एजेंसी ने मुंबई की अदालत को बताया कि डोला का नाम दाऊद इब्राहिम से जुड़े अंतरराष्ट्रीय तस्कर के रूप में सामने आया है और उसकी पहचान जून 2023 में दक्षिण मुंबई से जब्त किए गए मादक पदार्थ ‘मेफेड्रोन’ के प्रमुख आपूर्तिकर्ता के रूप में की गई है।
डोला को भारत के अनुरोध पर मार्च 2024 में जारी इंटरपोल रेड नोटिस के आधार पर तुर्किये से गिरफ्तार किया गया था। वह भारत में मादक पदार्थों की तस्करी के कई मामलों में वांछित था और कानून प्रवर्तन एजेंसियों से बचने के लिए फरार था।
उसे तुर्किये से मंगलवार को दिल्ली लाया गया।
भाषा यासिर अविनाश
अविनाश

Facebook


