कठुआ में मादक पदार्थ तस्कर हिरासत में: रियासी, सांबा और राजौरी में सात लोग गिरफ्तार
कठुआ में मादक पदार्थ तस्कर हिरासत में: रियासी, सांबा और राजौरी में सात लोग गिरफ्तार
जम्मू, दो अगस्त (भाषा) जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में एक कथित मादक पदार्थ तस्कर को नशीले पदार्थ और मन:प्रभावी पदार्थों की अवैध तस्करी की रोकथाम अधिनियम (पीआईटी-एनडीपीएस) के तहत हिरासत में लिया गया है, वहीं रियासी, सांबा और राजौरी जिलों में मादक पदार्थ बरामद होने के बाद सात अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सात लोगों में से छह को शनिवार को और एक अन्य आरोपी अक्षय कुमार को रविवार को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि कठुआ जिले के जगतपुर गांव निवासी मोहम्मद यासिर को लखनपुर से पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम के तहत हिरासत में लेकर जम्मू के कोट भलवाल केंद्रीय कारागार भेज दिया गया।
उन्होंने बताया कि यासिर का आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ पिछले वर्ष कठुआ जिले के विभिन्न थानों में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े तीन मामले दर्ज किए गए थे।
उसकी अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने उसके खिलाफ दस्तावेज तैयार कर जम्मू संभागीय आयुक्त को भेजा था, जिसके आधार पर पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम के तहत उसकी हिरासत का आदेश जारी किया गया। पुलिस ने शनिवार को इस आदेश को लागू किया।
वहीं एक अन्य घटना में रियासी जिले में शनिवार को कटरा के योग आश्रम के पास मादक पदार्थ के चार कथित तस्करों वासु मल्होत्रा, रोहित सिंह, सुशील शर्मा और विशाल सिंह को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 2.7 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
प्रवक्ता ने बताया कि सांबा जिले के विजयपुर क्षेत्र में रविवार को तलाशी के दौरान अक्षय कुमार के पास से 40 ग्राम हेरोइन बरामद होने पर उसे गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि सांबा पुलिस ने शनिवार को रामगढ़ क्षेत्र में जांच के दौरान अखनूर निवासी विनोद कुमार की कार से 30.42 ग्राम हेरोइन बरामद कर उसे भी गिरफ्तार किया।
राजौरी जिले के नौशेरा क्षेत्र में जांच के दौरान पुलिस ने अनवर हुसैन के कब्जे से दो किलोग्राम गांजा बरामद कर उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा शोभना प्रशांत
प्रशांत

Facebook


