मादक पदार्थों की तस्करी की आरोपी को दिल्ली से चेन्नई जेल स्थानांतरित किया जाएगा
मादक पदार्थों की तस्करी की आरोपी को दिल्ली से चेन्नई जेल स्थानांतरित किया जाएगा
नयी दिल्ली, 14 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी में कथित तौर पर संलिप्त 25-वर्षीय महिला तस्कर को पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम के तहत हिरासत में लिया है और स्थानीय मादक पदार्थ नेटवर्क से उसके संबंधों को खत्म करने के लिए उसे चेन्नई की एक जेल में स्थानांतरित किया जाएगा। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
जाकिर नगर की निवासी आरोपी हसीना खातून उर्फ बज्जी ‘स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ तस्करी निवारण (पीआईटी-एनडीपीएस) अधिनियम के तहत दिल्ली से बाहर स्थानांतरित की जाने वाली दूसरी ऐसी शख्स है।
खातून अपराध शाखा द्वारा दर्ज मादक पदार्थों की तस्करी के एक मामले के संबंध में तिहाड़ जेल में न्यायिक हिरासत में है।
पुलिस ने बताया कि उसकी निवारक हिरासत के लिए एक प्रस्ताव हाल में एक टीम द्वारा तैयार किया गया था और वित्त मंत्रालय के सक्षम प्राधिकारी को भेजा गया था।
अधिकारी ने कहा, ‘‘सिफारिश पर कार्रवाई करते हुए, हिरासत में लेने वाले अधिकारी ने पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम के तहत एक आदेश जारी किया, जिसमें खातून को हिरासत में लेकर चेन्नई के पुझल स्थित केंद्रीय जेल में रखने का निर्देश दिया गया।’
आदेश के बाद, टीम ने सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद 11 अप्रैल को तिहाड़ जेल में वारंट को तामील कराया।
अधिकारी ने कहा, ‘‘आरोपी को दिल्ली से चेन्नई की उच्च सुरक्षा वाली जेल में स्थानांतरित करने का उद्देश्य स्थानीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के भीतर उसके सक्रिय संबंधों को खत्म करना और उसे जेल के भीतर से सक्रिय रहने या सहयोगियों को प्रभावित करने से रोकना है।’’
अधिकारी ने कहा कि यह दूसरा ऐसा मामला है, जिसमें मादक पदार्थों की आपूर्ति शृंखला को बाधित करने के लिए पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत एक आदतन अपराधी को दिल्ली से बाहर स्थानांतरित किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, खातून 2021 से एनडीपीएस अधिनियम के तहत कई मामलों में शामिल रही है और राजधानी में मादक पदार्थों की तस्करी के सक्रिय नेटवर्क में एक प्रमुख आपूर्तिकर्ता मानी जाती है। उसे पहले गोविंदपुरी थाने में दर्ज एक मामले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था और बाद में अपराध शाखा ने स्मैक की बरामदगी से जुड़े एक मामले में उसे फिर से गिरफ्तार किया।
भाषा नोमान
नोमान सुरेश
सुरेश

Facebook


