झारखंड में 50 लाख रु से अधिक कीमत के मादक पदार्थ जब्त, पांच गिरफ्तार
झारखंड में 50 लाख रु से अधिक कीमत के मादक पदार्थ जब्त, पांच गिरफ्तार
चतरा/हजारीबाग, 22 मई (भाषा) झारखंड पुलिस ने दो जिलों में चलाए गए अलग-अलग अभियानों के दौरान 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य के नशीले पदार्थ जब्त किए हैं और इस सिलसिले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को पुलिस ने दो चार पहिया वाहन जब्त कर उनके भीतर से 324 किलोग्राम अफीम की भूसी बरामद की।
चतरा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनिमेष नैथानी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग हजारीबाग जिले में अफीम की भूसी ले जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस सूचना के आधार पर वाहन जांच अभियान चलाया गया और एक वाहन से 169 किलोग्राम अफीम की भूसी और दूसरे से 155 किलोग्राम डोडा बरामद किया गया।
एसपी के अनुसार, मौके से फरार हुए दोनों वाहनों के चालकों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि बाजार में जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये है।
दूसरी ओर, हजारीबाग जिले में चलाए गए एक अन्य अभियान में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 54 ग्राम ‘ब्राउन शुगर’ जब्त की है।
हजारीबाग के एसपी अमन कुमार ने बताया, ‘हमने एक गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें राहुल कुमार नामक आरोपी भी शामिल है, जिसके खिलाफ जिले के पांच अलग-अलग थानों में 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपियों के पास से कुल 54 ग्राम ‘ब्राउन शुगर’ और छह मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 1.24 लाख रुपये है।’
उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया है कि वे चतरा जिले के एक आपूर्तिकर्ता से 1,200-1,400 रुपये प्रति ग्राम की दर से मादक पदार्थ खरीदते थे और उसे करीब 1,000 रुपये अधिक मुनाफे पर बेचते थे।
एसपी ने बताया कि सभी आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उन्हें बृहस्पतिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
भाषा
प्रचेता वैभव
वैभव

Facebook


