डीटीसी की इलेक्ट्रिक बस में आग लगी, कोई जख्मी नहीं
डीटीसी की इलेक्ट्रिक बस में आग लगी, कोई जख्मी नहीं
नयी दिल्ली, पांच मार्च (भाषा) दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की एक इलेक्ट्रिक बस में दक्षिण दिल्ली के महरौली-बदरपुर मार्ग पर बृहस्पतिवार को आग लग गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि घटना में कोई जख्मी नहीं हुआ और सभी यात्रियों को वक्त पर बस से सुरक्षित उतार लिया गया था।
डीएफएस के मुताबिक, आग लगने की सूचना दोपहर 12.57 बजे मिली जिसके बाद दमकल की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।
डीएफएस के अधिकारियों ने बताया कि बस पूरी तरह से आग की चपेट में आ गई। यह बस मार्ग संख्या 544 पर आरके पुरम से बदरपुर बॉर्डर तक चलती है।
बस के परिचालक अरविंद कुमार ने बताया कि उन्होंने डैशबोर्ड वाले हिस्से से धुआं निकलते देखा।
कुमार ने बताया, “मैंने तुरंत चालक को बस रोकने के लिए और सभी यात्रियों को बस से बाहर निकलने को कहा। हमने अपनी और कुछ अन्य गाड़ियों से अग्निशामक यंत्रों का उपयोग करके धुएं को रोकने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैल गई।”
यात्री कांति देवी ने बताया कि वह बदरपुर जाने के लिए हर रोज इसी बस से यात्रा करती हैं।
उन्होंने बताया, “मैं काम पर जा रही थी तभी बस परिचालक ने सभी यात्रियों को बस खाली करने को कहा। घटना के समय बस में 15 यात्री सवार थे। मैंने सभी को सुरक्षित रूप से बस से उतरने में मदद की और सुरक्षित दूरी पर पहुंचने का प्रयास किया।’
भाषा नोमान नोमान पवनेश
पवनेश

Facebook


