पंजाब में ब्यास नदी के किनारे प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली स्थापित की गई
पंजाब में ब्यास नदी के किनारे प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली स्थापित की गई
होशियारपुर, छह अप्रैल (भाषा) पंजाब में ब्यास नदी के किनारे रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) ने प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली (ईडब्ल्यूएस) स्थापित की है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
इस प्रणाली का उद्घाटन बीबीएमबी के अध्यक्ष मनोज त्रिपाठी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये किया।
उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत 52 गेट बैराज से मीरथल तक लगभग 50 किलोमीटर के क्षेत्र में छह प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली इकाइयां स्थापित की गई हैं, जिनमें पेखान, संसारपुर टेरेस, शाह बैराज का दाहिना भाग, रियाली (फतेहपुर), बेला सरियाना (मुकेरियन),पारोल (इंदौरा) और अरनी विश्वविद्यालय, इंडोरा के पास के प्रमुख स्थान शामिल हैं।
अधिकारियों ने कहा कि यह प्रणाली आबादी वाले क्षेत्रों के पास स्थापित की गई है ताकि चेतावनी का त्वरित प्रसार हो सके, जिससे निवासियों को समय रहते नदी के तल से दूर जाने का समय मिल सके।
बीबीएमबी के अध्यक्ष त्रिपाठी ने कहा कि पहले आपात स्थिति में पोंग बांध से पानी छोड़े जाने के दौरान टीमों को गांवों में जाकर और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के जरिए लोगों को चेतावनी देनी पड़ती थी, जिससे अक्सर देरी हो जाती थी।
उन्होंने कहा, “ इस प्रणाली के लगने से अब चेतावनी तुरंत प्रसारित की जाएगी, जिससे दुर्घटनाओं का जोखिम कम होगा।”
त्रिपाठी ने बताया कि यह परियोजना जनहित में लागू की गई है।
ब्यास बांध के मुख्य अभियंता राकेश गुप्ता ने कहा कि ईडब्ल्यूएस इकाई को संवेदनशील क्षेत्रों में रणनीतिक रूप से स्थापित किया गया है, जिससे आपात स्थिति में प्रतिक्रिया समय बेहतर होगा।
भाषा रवि कांत प्रशांत
प्रशांत

Facebook


