पूर्वी दिल्ली पुलिस ने दो मामलों में सात नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया
पूर्वी दिल्ली पुलिस ने दो मामलों में सात नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया
नयी दिल्ली, सात अप्रैल (भाषा) पूर्वी दिल्ली पुलिस ने हत्या की कोशिश और लूट के लिए एक व्यक्ति को चाकू मारकर जख्मी करने के दो अलग-अलग मामलों में सात नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, पहले मामले में, कल्याणपुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत चांद सिनेमा के महिला पार्क के पास एक शख्स को चाकू घोंपकर जख्मी कर दिया गया था, जिसने अस्पताल में पुलिस को दिए बयान में वारदात को पुरानी रंजिश का नतीजा बताया था।
पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजीव कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटना की जांच शुरू की और तकनीकी निगरानी एवं खुफिया जानकारी के आधार पर तीन नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया।
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में जुर्म कबूल कर लिया और उनकी निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, जिसने उन्हें बाल सुधार गृह भेज दिया।
उन्होंने बताया कि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की धर-पकड़ की कोशिश जारी है।
दूसरे मामले में डीसीपी ने बताया कि कल्याणपुरी थाने की पुलिस ने दो अप्रैल को एक व्यक्ति को चाकू घोंपकर उसका फोन लूटने के आरोप में चार नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया है।
अधिकारी के मुताबिक, पीड़ित ने बताया कि वह दो अप्रैल की रात करीब साढ़े 10 बजे चांद सिनेमा बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रहा था, तभी पांच-छह अज्ञात व्यक्ति उसके पास पहुंचे और उससे फोन मांगने लगे और जब उसने मना किया तो उसे चाकू घोंपकर जख्मी कर दिया तथा मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
डीसीपी ने बताया कि पुलिस की एक टीम ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे आरोपियों की पहचान हुई तथा तकनीकी निगरानी एवं खुफिया जानकारी के आधार पर चारों नाबालिगों को अभिरक्षा में ले लिया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया मोबाइल फोन एवं दो चाकू बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि दोनों ही मामलों में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकियां दर्ज की गई हैं।
भाषा नोमान नोमान सुरेश
सुरेश

Facebook


