नयी दिल्ली, तीन जुलाई (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में पाठ्येतर गतिविधियां (ईसीए) कोटे के तहत प्रवेश के लिए शारीरिक परीक्षण 15 जुलाई से शुरू होने की संभावना है। विश्वविद्यालय की ओर से शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक अधिसूचना में यह जानकारी दी गई है।
अधिसूचना के अनुसार, परीक्षण का कार्यक्रम प्रवेश पोर्टल पर जारी किया जाएगा।
अधिसूचना में कहा गया है कि परीक्षण के कार्यक्रम को लेकर उम्मीदवारों को अलग से कोई सूचना नहीं भेजी जाएगी और आवेदकों को श्रेणीवार परीक्षण केंद्रों तथा संभावित तिथियों से जुड़ी जानकारी के लिए विश्वविद्यालय की प्रवेश वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर रखने की सलाह दी गई है।
अधिसूचना के अनुसार, उम्मीदवारों को केवल अपनी संबंधित ईसीए श्रेणी के लिए निर्धारित केंद्र पर ही उपस्थित होना होगा और रिपोर्टिंग के समय पंजीकरण के दौरान अपलोड किए गए सभी ईसीए प्रमाणपत्रों की मूल प्रतियां तथा अपना सीयूईटी स्कोरकार्ड साथ लाना होगा।
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप