पूर्ववर्ती सरकार की वजह से केरल का स्वास्थ्य विभाग वित्तीय समस्या का सामना कर रहा : मुरलीधरन

Ads

पूर्ववर्ती सरकार की वजह से केरल का स्वास्थ्य विभाग वित्तीय समस्या का सामना कर रहा : मुरलीधरन

  •  
  • Publish Date - July 3, 2026 / 06:10 PM IST,
    Updated On - July 3, 2026 / 06:10 PM IST

वायनाड, तीन जुलाई (भाषा) केरल के मंत्री के. मुरलीधरन ने शुक्रवार को दावा किया कि पूर्ववर्ती वाम सरकार दवा और चिकित्सा उपकरण आपूर्तिकर्ताओं का भारी बकाया छोड़कर गई है जिसकी वजह से मौजूदा स्वास्थ्य विभाग को गंभीर वित्तीय संकट का सामना करना पड़ रहा है।

मंत्री ने जिले में राजकीय चिकित्सा संस्थानों का दौरा करने के बाद संवाददाताओं से कहा कि विभाग वित्तीय स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित किये बिना समस्या का समाधान करने की कोशिश कर रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘आपको यह समझना होगा कि दवा कंपनियों का जो बकाया है, वह कोई छोटी-मोटी रकम नहीं है। दवा आपूर्ति करने वालों को भुगतान नहीं किया गया और चिकित्सा उपकरण देने वालों का बकाया भी नहीं चुकाया गया।’’

मुरलीधरन ने कहा, ‘‘हम कामकाज पर असर डाले बिना स्थिति को संभाल रहे हैं।’’

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि उन्होंने यह मामला मुख्यमंत्री वीडी सतीशन के सामने उठाया है, जिनके पास वित्त विभाग का भी प्रभार है।

मुरलीधरन ने कहा, ‘‘उन्होंने (मुख्यमंत्री ने) विभाग के लिए धन की व्यवस्था करने का वादा किया है। दो दिनों के भीतर मुख्यमंत्री को एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपी जाएगी, जिसके बाद इंतज़ाम किए जाएंगे।’’

सरकारी अस्पतालों में टीकों की कमी की खबरों पर पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए मंत्री ने कहा कि उनके संज्ञान में यह मुद्दा नहीं आया है। उन्होंने कहा, ‘‘जब भी कोई शिकायत मिलती है, तो तुरंत कार्रवाई की जाती है।’’

मानंतवाडी में राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय के विकास के बारे में मंत्री ने कहा कि इसके विस्तार के लिए उपयुक्त जमीन मिलने में आ रही दिक्कतों के बावजूद सरकार इस संस्थान को वहीं बनाए रखना चाहती है।

उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ)सरकार द्वारा चिन्हित ज़मीन एक आरक्षित वन क्षेत्र में आती है, जिससे वहां विकास कार्य करना असंभव हो गया है।

भाषा धीरज माधव

माधव