दिल्ली के श्रीराम सेंटर में भरतनाट्यम के जरिये पारिस्थितिकी से जुड़ाव को प्रदर्शित किया जाएगा
दिल्ली के श्रीराम सेंटर में भरतनाट्यम के जरिये पारिस्थितिकी से जुड़ाव को प्रदर्शित किया जाएगा
नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) नृत्यांगना रमा क्षीरसागर और उनकी टीम द्वारा तैयार किया गया भरतनाट्यम नृत्य कार्यक्रम ‘‘अंतारिणी: एन अवेकनिंग कॉल’’ बुधवार को यहां श्रीराम सेंटर में प्रस्तुत किया जाएगा।
‘एचसीएल कॉन्सर्ट्स’ प्रोडक्शन के इस कार्यक्रम में ऋग्वेद, अथर्ववेद और पुराणों में पारिस्थितिकी का वर्णन किया गया है। कार्यक्रम के जरिये, बढ़ते शहरीकरण, उपभोग और कचरे के बीच मानव एवं प्रकृति के संबंध को समझाने की कोशिश की जा रही है।
भरतनाट्यम पर आधारित और कथकली एवं समकालीन नृत्य-शैली के तत्वों को शामिल करते हुए, ‘‘अंतारिणी’’ प्राचीन श्लोकों और विचारों को पर्यावरण से जुड़ी आज की चिंताओं से जोड़ती है।
एचसीएल समूह के ब्रांड और विपणन प्रमुख, निखिल सोनी ने एक बयान में कहा, ‘‘एचसीएल कॉन्सर्ट्स में हमारा मानना है कि कला में लोगों को मनोरंजन से आगे ले जाकर सोचने-समझने के लिए प्रेरित करने की ताकत है। ‘अंतारिणी’ इसी दिशा में एक कदम है, जो नृत्य की भाषा के जरिये प्रकृति से हमारे टूटते रिश्ते पर संवाद शुरू करने की कोशिश करती है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि यह कार्यक्रम दर्शकों को पर्यावरण के प्रति जागरूकता को केवल एक अमूर्त विचार के तौर पर नहीं, बल्कि एक बेहद निजी और तत्काल महत्व वाले विषय के तौर पर देखने के लिए प्रेरित करेगा।’’
आयोजक के अनुसार, इस कार्यक्रम में पुनर्चक्रण वाले परिधान का उपयोग किया जाएगा।
भाषा सुभाष सुरेश
सुरेश

Facebook


