ईडी ने पीएमएलए मामले में गेम्सक्राफ्ट के तीन संस्थापकों को गिरफ्तार किया
ईडी ने पीएमएलए मामले में गेम्सक्राफ्ट के तीन संस्थापकों को गिरफ्तार किया
नयी दिल्ली, आठ मई (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय ने ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म गेम्सक्राफ्ट के तीन संस्थापकों को कथित धोखाधड़ी से जुड़े धनशोधन मामले में शुक्रवार को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि दीपक सिंह, पृथ्वी राज सिंह और विकास तनेजा को धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत हिरासत में लिया गया है।
दीपक सिंह और पृथ्वी राज सिंह को दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया और उन्हें बेंगलुरु की अदालत में पेश करने के लिए ट्रांजिट रिमांड प्राप्त की गई।
अधिकारियों ने बताया कि तनेजा को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया है और उन्हें अदालत में पेश किया गया है।
ये गिरफ्तारी तब हुई जब केंद्रीय एजेंसी ने कथित धोखाधड़ी और जालसाजी से संबंधित कई प्राथमिकियों का संज्ञान लेते हुए ‘गेम्सक्राफ्ट टेक्नोलॉजीज लिमिटेड’ और अन्य संबंधित संस्थाओं के खिलाफ धनशोधन का मामला दर्ज किया।
उन्होंने बताया कि ईडी ने बृहस्पतिवार को दिल्ली-एनसीआर और कर्नाटक में 17 स्थानों पर छापेमारी भी की, और कुछ दस्तावेज जब्त किए।
ईडी अधिकारियों के अनुसार, यह प्लेटफॉर्म ‘रमीकल्चर’, रमीटाइम ऐप आदि जैसे कई ऑनलाइन ‘रियल-मनी गेम्स’ का संचालन और स्वामित्व रखता है।
इसके मुताबिक, धोखाधड़ी का शिकार हुए कई लोगों द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारण कंपनी के खिलाफ कई प्राथमिकी दर्ज हैं।
पिछले साल नवंबर में, ईडी ने गेम्सक्राफ्ट के खिलाफ जांच के सिलसिले में 18.57 करोड़ रुपये की जमा राशि वाले आठ बैंक खातों से लेन देन पर रोक लगा दी थी।
भाषा शोभना रंजन
रंजन

Facebook


