ईडी ने आंध्र प्रदेश शराब परिवहन घोटाला मामले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया
ईडी ने आंध्र प्रदेश शराब परिवहन घोटाला मामले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया
हैदराबाद, 11 जून (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आंध्र प्रदेश में कथित 195 करोड़ रुपये के शराब परिवहन घोटाले से जुड़े धन शोधन मामले की जांच के संबंध में बृहस्पतिवार को छापेमारी के बाद ‘आंध्र प्रदेश स्टेट बेवरेजेज कार्पोरेशन’ के एक पूर्व अधिकारी और एक ‘मुख्य आरोपी’ को गिरफ्तार किया। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।
अधिकारियों ने बताया कि ईडी ने करीब पांच परिसरों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने बताया कि इन परिसरों में युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) नेता एवं पूर्व नागरिक आपूर्ति मंत्री के. नागेश्वर राव और उनके बेटे के परिसर शामिल हैं।
ईडी अधिकारियों ने बताया कि मामले में ‘आंध्र प्रदेश स्टेट बेवरेजेज कार्पोरेशन’ के पूर्व प्रबंध निदेशक डी. वासुदेव रेड्डी और मामले में ‘मुख्य आरोपी’ के. राजा शेखर रेड्डी को गिरफ्तार किया गया है।
यह जांच धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत की जा रही है।
ईडी अधिकारियों ने दावा किया कि आरोपियों ने सरकारी खजाने को 195.33 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया।
अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी के दौरान आठ लाख रुपये नकद, दो रोलेक्स घड़ियां, कुछ वाहन, ‘संबंधित’ दस्तावेज और डिजिटल उपकरण बरामद किए गए। हालांकि अधिकारियों ने यह स्पष्ट नहीं किया कि ये बरामदगी किसके परिसरों से की गई।
भाषा अमित मनीषा
मनीषा

Facebook


