केरल में अंग दान गिरोह से जुड़े धन शोधन मामले में ईडी की छापेमारी

केरल में अंग दान गिरोह से जुड़े धन शोधन मामले में ईडी की छापेमारी

केरल में अंग दान गिरोह से जुड़े धन शोधन मामले में ईडी की छापेमारी
Modified Date: June 18, 2026 / 10:17 am IST
Published Date: June 18, 2026 10:17 am IST

कोच्चि, 18 जून (भाषा) केरल में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अवैध अंग दान के लिए फर्जी दस्तावेज इस्तेमाल करने वाले एक गिरोह से जुड़े धन शोधन मामले की जांच के सिलसिले में बृहस्पतिवार को कई अस्पतालों और आवासों पर छापे मारे। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि सुबह कोच्चि, तिरुवनंतपुरम और कोट्टायम जिलों के पांच ठिकानों पर छापेमारी की गई। उन्होंने बताया कि इनमें अस्पताल और आवास शामिल हैं।

ईडी सूत्रों ने बताया कि एजेंसी ने विभिन्न जिलों में पुलिस द्वारा दर्ज कई प्राथमिकी के आधार पर जांच शुरू की, जो हाल के वर्षों में अवैध तरीके से अंग दान को सुगम बनाने में कथित रूप से शामिल एक गिरोह से संबंधित हैं।

सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी अंग दाताओं, प्राप्तकर्ताओं और अस्पतालों के बीच दलाल की भूमिका निभा रहे थे और दान की व्यवस्था करने के लिए मोटी रकम वसूलते थे। सूत्रों के अनुसार इन्हीं निष्कर्षों के आधार पर ईडी ने मामला दर्ज किया।

अधिकारियों ने बताया कि उन अस्पतालों में छापे मारे गए जिनके मुख्य आरोपी नजीब के साथ कथित रूप से वित्तीय लेनदेन थे। अधिकारियों ने बताया कि कोच्चि में तीन जगहों पर छापे मारे गए। उन्होंने बताया कि एकसाथ छापे सुबह छह बजे शुरू हुए और जांचकर्ता अंग दान से जुड़े बैंक लेनदेन और मेडिकल रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि अंग दान की प्रक्रिया में पुलिस, स्थानीय निकायों, चिकित्सकों, विधायकों और सांसदों से प्रमाणपत्र और अनुमति लेने की जटिल प्रक्रिया होती है। यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने कथित तौर पर इन प्रक्रियाओं को दरकिनार करने के लिए फर्जी दस्तावेजों का सहारा लिया।

पुलिस प्राथमिकी के मुताबिक यह गिरोह अगस्त 2023 से सक्रिय था और इसने कोच्चि के दो निजी अस्पतालों के लेटरहेड, पुलिस अनापत्ति प्रमाणपत्र और विधायकों, सांसदों तथा पुलिस अधिकारियों के नाम पर कथित रूप से जाली पत्र बनाए।

पुलिस का यह भी आरोप है कि गिरोह ने कई प्रमुख चिकित्सकों के अनुशंसा पत्र भी जाली बनाए। मुख्य आरोपी कासरगोड के नजीब को पिछले माह पुलिस ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया था।

भाषा

खारी अमित

अमित


लेखक के बारे में