पंजाब में जमीन ‘धोखाधड़ी’ मामले में ईडी की छापेमारी

Ads

पंजाब में जमीन ‘धोखाधड़ी’ मामले में ईडी की छापेमारी

  •  
  • Publish Date - May 7, 2026 / 11:34 AM IST,
    Updated On - May 7, 2026 / 11:34 AM IST

चंडीगढ़, सात मई (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित जमीन धोखाधड़ी मामले में कुछ बिल्डर और रियल एस्टेट कंपनियों के खिलाफ धनशोधन जांच के तहत पंजाब और चंडीगढ़ में कई स्थानों पर बृहस्पतिवार को छापे मारे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मोहाली और चंडीगढ़ में सनटेक सिटी परियोजना, अजय सहगल, एबीएस टाउनशिप्स, अल्टस बिल्डर्स, धीर कंस्ट्रक्शंस और उनके सहयोगियों से जुड़े करीब 12 स्थानों पर धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत छापेमारी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि एजेंसी नितिन गोहल नामक व्यक्ति की भी तलाश कर रही है। उस पर ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) के शुल्क के भुगतान में ‘‘चूक’’ करने वाले कई बिल्डर की ‘‘मदद’’ करने और उनके लिए राजनीतिक संरक्षण की व्यवस्था करने का आरोप है।

अधिकारियों ने बताया कि गोहल का संबंध पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) राजबीर घुमन से है।

अधिकारियों ने कहा कि आरोपियों पर गमाडा से भूमि उपयोग परिवर्तन (सीएलयू) लाइसेंस हासिल करने में धोखाधड़ी करने और बाद में लोगों से ठगी करने का आरोप है। आरोप है कि उन्होंने निवेशकों से करोड़ों रुपये की धनराशि जुटाई।

भाषा सिम्मी वैभव

वैभव