ईडी ने ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े मामले में कई राज्यों में छापे मारे
ईडी ने ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े मामले में कई राज्यों में छापे मारे
नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बृहस्पतिवार को ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े कथित विदेशी मुद्रा उल्लंघन मामले में दिल्ली स्थित एक कंपनी और उससे संबंधित संस्थाओं के खिलाफ कई राज्यों में छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जिगार्ड टेक्नोलॉजीज़ प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ चल रही जांच के सिलसिले में दिल्ली, गुजरात, मध्य प्रदेश के इंदौर और जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में करीब 14 लोगों और कंपनियों के ठिकानों पर छापे मारे गए।
यह कार्रवाई विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के प्रावधानों के तहत की गई।
ईडी की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया के लिए कंपनी से संपर्क नहीं हो सका।
अधिकारियों के अनुसार, केंद्रीय एजेंसी ने उन सूचनाओं के आधार पर जांच शुरू की थी, जिनमें आरोप लगाया गया था कि जिगार्ड टेक्नोलॉजीस ने ऑनलाइन गेमिंग गतिविधियों के लिए कुछ लोगों से पेमेंट एग्रीगेटर्स (ऑनलाइन भुगतान से जुड़े मंच) के जरिए धन जुटाया।
ईडी अधिकारियों ने आरोप लगाया कि यह धन कथित तौर पर विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से भेजा गया, जिनमें ‘हैप्पी ईजीगो’ भी शामिल है और बाद में वॉलेट रिचार्ज तथा एयरलाइन संबंधी लेनदेन की आड़ में विदेशों में धन प्रेषित किया गया, जो फेमा के प्रावधानों का उल्लंघन है।
केंद्र सरकार ने अगस्त 2025 में भारत में ऑनलाइन मनी गेमिंग पर प्रतिबंध लगा दिया था।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा

Facebook


