कोलकाता की कंपनी की आईबीसी प्रक्रिया से जुड़ी संस्थाओं के खिलाफ ईडी की तलाशी

Ads

कोलकाता की कंपनी की आईबीसी प्रक्रिया से जुड़ी संस्थाओं के खिलाफ ईडी की तलाशी

  •  
  • Publish Date - September 23, 2026 / 11:27 AM IST,
    Updated On - September 23, 2026 / 11:27 AM IST

कोलकाता, 23 सितंबर (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हाल में दिवाला प्रक्रिया से गुजरने वाली कोलकाता की इंजीनियरिंग कंपनी ‘मैकनैली भारत इंजीनियरिंग कंपनी लिमिटेड’ (एमबीईसीएल) के खिलाफ विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के तहत की जा रही जांच के सिलसिले में बुधवार को तीन राज्यों में तलाशी ली। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि कोलकाता, दिल्ली और बेंगलुरु में करीब 16-17 परिसरों की तलाशी ली जा रही है। ये परिसर एमबीईसीएल और कंपनी के अधिग्रहण से जुड़े लोगों तथा संस्थाओं से संबंधित हैं।

अधिकारियों के अनुसार, तलाशी की कार्रवाई विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम के तहत शुरू की गई है।

कंपनी हाल में राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) के माध्यम से कॉरपोरेट दिवाला समाधान प्रक्रिया (सीआईआरपी) से गुजरी थी और बीटीएल ईपीसी कंपनी की समाधान योजना को मंजूरी दी गई थी।

जिन संस्थाओं और लोगों के परिसरों पर तलाशी ली जा रही है, उनकी ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।

अधिकारियों ने बताया कि ईडी एमबीईसीएल से जुड़े फेमा के कथित उल्लंघनों तथा कंपनी पर नियंत्रण हासिल करने में इस्तेमाल किए गए धन के स्रोत और उसके लेन-देन की जांच कर रहा है।

उन्होंने कहा कि एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि क्या दिवाला समाधान प्रक्रिया का इस्तेमाल उन लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से कंपनी का नियंत्रण दोबारा हासिल करने में सक्षम बनाने के लिए किया गया, जो दिवाला एवं दिवालियापन संहिता (आईबीसी), 2016 की धारा 29ए के तहत कंपनी का अधिग्रहण करने के लिए ‘‘संभावित रूप से अयोग्य’’ थे।

भाषा गोला संतोष

संतोष