पंजाब के मुख्यमंत्री के ओएसडी के ‘सहयोगी’ और अन्य लोगों के परिसरों पर ईडी की छापेमारी
पंजाब के मुख्यमंत्री के ओएसडी के ‘सहयोगी’ और अन्य लोगों के परिसरों पर ईडी की छापेमारी
चंडीगढ़, सात मई (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित जमीन धोखाधड़ी मामले में धनशोधन जांच के तहत मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) में विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) के एक कथित निकट सहयोगी के परिसरों समेत पंजाब और चंडीगढ़ में कई स्थानों पर बृहस्पतिवार को छापे मारे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मोहाली और चंडीगढ़ में सनटेक सिटी परियोजना, अजय सहगल, एबीएस टाउनशिप्स, अल्टस बिल्डर्स, धीर कंस्ट्रक्शंस और उनके सहयोगियों से जुड़े करीब 12 स्थानों पर धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत छापेमारी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि एजेंसी नितिन गोहल नामक व्यक्ति के परिसरों पर भी छापे मार रही है। उस पर ‘ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी’ (गमाडा) के शुल्क के भुगतान में ‘‘चूक’’ करने वाले कई बिल्डर की ‘‘मदद’’ करने और उनके लिए राजनीतिक संरक्षण की व्यवस्था करने का आरोप है।
अधिकारियों ने दावा किया कि आईटी पेशेवर गोहल का संबंध पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी राजबीर घुम्मण से है।
अधिकारियों ने कहा कि आरोपियों पर गमाडा से भूमि उपयोग परिवर्तन (सीएलयू) लाइसेंस हासिल करने में धोखाधड़ी करने और बाद में लोगों से ठगी करने का आरोप है। आरोप है कि उन्होंने निवेशकों से करोड़ों रुपये की धनराशि जुटाई।
हालांकि, मान ने दावा किया कि केंद्रीय एजेंसी की कार्रवाई का उनसे कोई लेना-देना नहीं है।
अमृतसर में अपनी ‘शुक्राना यात्रा’ के दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए एक सवाल पर मान ने कहा, ‘‘ईडी की छापेमारी का हमसे कोई लेना-देना नहीं है। वे (ईडी) किसी कंपनी के सिलसिले में यहां आए हैं। वे कहीं भी जांच कर सकते हैं।’’
अधिकारियों ने बताया कि मोहाली में ऊंची इमारत से कथित तौर पर फेंकी गई नकद राशि बरामद होने की घटना भी सामने आई है। उन्होंने कहा कि एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कितनी राशि फेंकी गई है।
सूत्रों ने बताया कि मोहाली के खरड़ में एक आवासीय सोसायटी के परिसर में 500 रुपये के नोटों से भरे दो बैग देखे गए जिससे संकेत मिलता है कि ईडी की छापेमारी के बाद उन्हें एक फ्लैट से नीचे फेंका गया था। सूत्रों ने बताया कि आवासीय सोसायटी के परिसर में नकदी के कुछ बंडल भी बिखरे दिखाई दिए।
जमीन पर पड़े नकदी से भरे बैग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आया है।
सूत्रों ने बताया कि ईडी अधिकारियों ने खरड़ स्थित वेस्टर्न टावर्स के एक फ्लैट में छापेमारी की।
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने ‘एक्स’ पर इन दो बैग के बारे में पोस्ट साझा करते हुए लिखा, ‘‘करोड़ों रुपये, 500 के नोट हवा में उड़ रहे हैं। पैसा किसका है- मुख्यमंत्री मान के ओएसडी राजबीर सिंह का। ‘कट्टर धोखेबाज’ ईडी के जाल में। मुख्यमंत्री भगवंत मान के करीबी सहयोगी ओएसडी राजबीर घुम्मण के करीबी सहयोगियों और रिश्तेदारों नितिन, वीर दविंदर के परिसरों पर ईडी की छापेमारी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ईडी ने मुख्यमंत्री मान के सहयोगी से जुड़ी मोहाली की ऊंची इमारत में छापा मारा, नौवीं मंजिल से बैग फेंके जाने के बाद 500 रुपये के नोट बिखर गए। मुख्यमंत्री मान के करीबी सहयोगी के रिश्तेदारों के खिलाफ ईडी की छापेमारी के बाद करोड़ों रुपये नौवीं मंजिल से बाहर फेंके गए। हवाला लेनदेन का खुलासा हुआ है। जल्द बड़ा खुलासा होगा।’’
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पिछले कुछ हफ्तों में पंजाब में राजनीतिक रूप से जुड़े कई लोगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पंजाब में 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं।
ईडी ने पंजाब के उद्योग मंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के नेता संजीव अरोड़ा, उनके बेटे, कुछ अन्य लोगों और आप के तत्कालीन राज्यसभा सदस्य अशोक कुमार मित्तल के ठिकानों पर अलग-अलग मामलों में छापा मारा। मित्तल हाल में आप के छह अन्य सांसदों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए।
भाषा आशीष रंजन
रंजन

Facebook


