ईडी ने मुंद्रा बंदरगाह से मादक पदार्थ की बरामदगी के मामले में दिल्ली में छापेमारी की

Ads

ईडी ने मुंद्रा बंदरगाह से मादक पदार्थ की बरामदगी के मामले में दिल्ली में छापेमारी की

  •  
  • Publish Date - June 24, 2026 / 09:47 AM IST,
    Updated On - June 24, 2026 / 09:47 AM IST

नयी दिल्ली, 24 जून (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 2021 में मुंद्रा बंदरगाह से मादक पदार्थ बरामद होने के मामले से जुड़ी धनशोधन जांच के तहत बुधवार को दिल्ली में कई स्थानों पर छापे मारे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

निदेशालय के अधिकारियों ने बताया कि धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत राष्ट्रीय राजधानी में करीब पांच परिसरों पर छापे मारे जा रहे हैं। इनमें दिल्ली के कारोबारी हरप्रीत सिंह तलवार उर्फ कबीर तलवार और कुछ अन्य लोगों के परिसर शामिल हैं।

दिल्ली में कई नाइट क्लब संचालित करने वाले तलवार को राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने मादक पदार्थ बरामदगी के मामले में अगस्त 2022 में गिरफ्तार किया था। गुजरात उच्च न्यायालय से जमानत मिलने के बाद वह हाल में जेल से बाहर आया था।

राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने गुजरात के कच्छ जिले में स्थित मुंद्रा बंदरगाह से सितंबर 2021 में अफगानिस्तान की 2,988.21 किलोग्राम हेरोइन जब्त की थी। यह दुनिया में मादक पदार्थों की सबसे बड़ी बरामदगी में से एक है। डीआरआई भी ईडी की तरह केंद्रीय वित्त मंत्रालय के अधीन एक प्रवर्तन एजेंसी है।

भाषा

सिम्मी वैभव

वैभव