ईडी ने मादक पदार्थ से जुड़े धनशोधन मामले में तमिलनाडु में छापेमारी की

ईडी ने मादक पदार्थ से जुड़े धनशोधन मामले में तमिलनाडु में छापेमारी की

ईडी ने मादक पदार्थ से जुड़े धनशोधन मामले में तमिलनाडु में छापेमारी की
Modified Date: May 26, 2026 / 08:18 pm IST
Published Date: May 26, 2026 8:18 pm IST

चेन्नई, 26 मई (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भारत से श्रीलंका तक मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक कथित गिरोह से जुड़े धनशोधन मामले की जांच के तहत मंगलवार को चेन्नई और मदुरै में कई स्थानों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

धनशोधन का यह मामला राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) द्वारा वर्ष 2024 में जॉन ब्रिट्टो और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज किए गए दो मामलों पर आधारित है।

पहले मामले में, डीआरआई (मदुरै) ने मार्च 2024 में मन्नार की खाड़ी में मछली पकड़ने वाली नाव से लगभग 108 करोड़ रुपये की कीमत का 99 किलोग्राम हशीश जब्त किया था। ईडी के अनुसार, रामिश, जानसन और प्रताप नामक तीन व्यक्ति ब्रिट्टो के निर्देश पर इस प्रतिबंधित पदार्थ को श्रीलंका ले जा रहे थे।

दूसरे मामले में, मार्च 2024 में डीआरआई ने मदुरै रेलवे स्टेशन पर पी. प्रकाश नामक व्यक्ति के पास से 37.64 किलोग्राम मेथामफेटामाइन बरामद की थी, जिसकी कीमत 150 करोड़ रुपये थी।

एजेंसी ने कहा कि मादक पदार्थ की यह खेप श्रीलंका भेजे जाने की आशंका थी।

ईडी का दावा है कि ब्रिट्टो इस गिरोह का “सरगना” था और वह “आदतन अपराधी” है।

अधिकारियों के अनुसार, ब्रिट्टो और उसके सहयोगी भारत से श्रीलंका तक समुद्री मार्ग से मादक पदार्थ पहुंचाने के लिए मछुआरों और नाव मालिकों का इस्तेमाल करते थे।

भाषा जोहेब पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में