रांची। Jharkhand Student Protest: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं प्रारंभिक परीक्षा (PT) समेत अन्य परीक्षाओं में कथित धांधली के मामले में अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की एंट्री हो गई है। केंद्रीय एजेंसी ने इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के लिए ECIR दर्ज की है। ED की यह कार्रवाई CID में दर्ज FIR संख्या 16/26 के आधार पर की गई है। JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रही जांच के बीच ED के शामिल होने से अब मामले की जांच का दायरा और बढ़ गया है। केंद्रीय एजेंसी कथित परीक्षा धांधली से जुड़े आर्थिक लेन-देन, पैसों के स्रोत और संभावित मनी ट्रेल की पड़ताल करेगी। वहीं रांची में प्रदर्शनकारी ‘विधानसभा’ की ओर मार्च करने के लिए जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से निकल गए हैं।
Jharkhand Student Protest: मामले की जांच के लिए ED रांची की यूनिट से पांच सदस्यीय टीम पहुंची है। टीम में एक असिस्टेंट डायरेक्टर और चार इंस्पेक्टर शामिल हैं। टीम परीक्षा धांधली से जुड़े वित्तीय पहलुओं की जांच करेगी और जरूरत के अनुसार मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ और दस्तावेजों की पड़ताल कर सकती है।
बता दें कि रविवार को सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने छात्रों के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत की थी। इस दौरान सरकार की ओर से कहा गया था कि परीक्षा धांधली की जांच CID कर रही है। सरकार ने छात्रों से कहा था कि जांच के दौरान अगर वित्तीय घोटाले से जुड़ा कोई मामला सामने आता है तो उसकी जांच ED से कराने के लिए सरकार अनुरोध करेगी। हालांकि, सरकार के इस आश्वासन से पहले ही ED ने मामले में ECIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
JPSC की 14वीं पीटी परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर अब तक 19 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की जांच सीआईडी कर रही है।
झारखंड पुलिस ने विधानसभा परिसर के आसपास निषेधाज्ञा लागू कर दी है और पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। यह कदम छात्रों द्वारा सोमवार को बुलाए गए ‘विधानसभा मार्च’ के मद्देनजर उठाया गया है। ये छात्र राज्य में भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ दो सप्ताह से अधिक समय से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।