ईडी ने आरजी कर अस्पताल में वित्तीय अनियमितताओं के मामले में आरोपपत्र दाखिल किया
ईडी ने आरजी कर अस्पताल में वित्तीय अनियमितताओं के मामले में आरोपपत्र दाखिल किया
कोलकाता, छह फरवरी (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सरकारी आर जी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में वित्तीय अनियमितताओं के एक मामले के संबंध में कथित धन शोधन की जांच के सिलसिले में यहां एक विशेष अदालत के समक्ष शुक्रवार को आरोप पत्र दाखिल किया।
मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्राचार्य संदीप घोष इस मामले में आरोपियों में से एक हैं और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा गिरफ्तारी के बाद वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं।
इस संबंध में दर्ज धन शोधन के मामले में ईडी ने यहां की एक विशेष अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया।
आर जी कर अस्पताल के पूर्व अधिकारी अख्तर अली ने घोष के कार्यकाल के दौरान पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा संचालित इस अस्पताल में कथित वित्तीय अनियमितताओं की सीबीआई जांच का अनुरोध किया था जिसे कलकत्ता उच्च न्यायालय ने स्वीकार कर लिया था और इस आदेश को उच्चतम न्यायालय ने बरकरार रखा था।
इस मामले में धन के कथित लेन-देन को लेकर ईडी ने एक ईसीआईआर (प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट) दर्ज की थी, जो पुलिस प्राथमिकी के समकक्ष है।
घोष के प्राचार्य रहते हुए ही एक प्रशिक्षु चिकित्सक से दुष्कर्म और उसकी हत्या की घटना हुई थी और उसका शव नौ अगस्त 2024 को उत्तरी कोलकाता में स्थित इस अस्पताल के सम्मेलन कक्ष में मिला था।
कोलकाता पुलिस के पूर्व नागरिक स्वयंसेवक संजय रॉय को जनवरी 2025 में सियालदह सत्र न्यायालय ने इस मामले में अपराधों का दोषी पाए जाने के बाद आजीवन कारावास की सजा सुनाई गयी थी।
भाषा गोला सुरभि
सुरभि

Facebook


