ईडी ने भुल्लर व उनके सहयोगियों के खिलाफ छापे में मिली नकदी और संपत्ति संबंधी दस्तावेज जब्त किए
ईडी ने भुल्लर व उनके सहयोगियों के खिलाफ छापे में मिली नकदी और संपत्ति संबंधी दस्तावेज जब्त किए
नयी दिल्ली, 29 अप्रैल (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को कहा कि उसने पंजाब पुलिस के निलंबित डीआईजी एच एस भुल्लर और उनके सहयोगियों के खिलाफ हाल में की गई छापेमारी के दौरान 1.4 करोड़ रुपये और धनशोधन से संबंधित कुछ ‘‘आपत्तिजनक’’ दस्तावेज जब्त किए हैं।
केंद्रीय एजेंसी ने 27 अप्रैल को 11 परिसरों पर छापेमारी की, जिनमें भुल्लर और उनके कथित सहयोगियों जैसे संपत्ति डीलरों और संदिग्ध ‘बेनामीदारों’ (वह व्यक्ति जिसके नाम पर बेनामी संपत्ति है) के ठिकाने शामिल हैं।
धनशोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दायर किया गया ईडी का मामला, रिश्वत लेने और कथित रूप से आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में भुल्लर और उनके सहयोगियों के खिलाफ सीबीआई द्वारा दर्ज की गई दो प्राथमिकियों से संबंधित है।
पुलिस के पूर्व उप महानिरीक्षक (रोपड़ रेंज) को रिश्वतखोरी के एक मामले में अक्टूबर 2025 में गिरफ्तार किया गया था।
ईडी ने एक बयान में कहा, ‘‘छापे के परिणामस्वरूप 1.4 करोड़ रुपये जब्त किए गए और धनशोधन गतिविधियों से संबंधित विभिन्न आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए।’’
बयान में कहा गया कि जांच से पता चलता है कि विभिन्न संपत्ति डीलरों और उनसे जुड़े व्यक्तियों (संदिग्ध बेनामीदारों) के बैंक खातों में ‘पर्याप्त’ नकद जमा और हस्तांतरण किए गए थे, जिनके पास जमीन में किए गए निवेश के अनुरूप आय का ‘कोई वैध’ स्रोत नहीं था।
ईडी ने आरोप लगाया, ‘बाद में इन निधियों का उपयोग संदिग्ध बेनामीदारों के नाम पर संपत्तियों के अधिग्रहण के लिए किया गया और सीबीआई ने पहले भुल्लर के आवास से मूल संपत्ति दस्तावेज जब्त किए थे, जो वास्तविक स्वामित्व को दर्शाते हैं।’
ईडी ने बताया कि हाल में मारे गए छापे के दौरान चंडीगढ़, लुधियाना, कपूरथला, मोहाली और जीरकपुर में आवासीय और कृषि संपत्तियों सहित कई संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज भी जब्त किए गए।
इसमें कहा गया कि धनशोधन गतिविधियों की पूरी सीमा का पता लगाने और भुल्लर के साथ संपत्ति डीलरों, बिचौलियों और लोक सेवकों के बीच सांठगांठ को उजागर करने के लिए जांच जारी है।
भाषा शोभना पवनेश
पवनेश

Facebook


