प्राथमिक विद्यालय भर्ती मामले में ईडी ने तृणमूल नेता अभिषेक बनर्जी को तलब किया

प्राथमिक विद्यालय भर्ती मामले में ईडी ने तृणमूल नेता अभिषेक बनर्जी को तलब किया

प्राथमिक विद्यालय भर्ती मामले में ईडी ने तृणमूल नेता अभिषेक बनर्जी को तलब किया
Modified Date: June 3, 2026 / 09:17 pm IST
Published Date: June 3, 2026 9:17 pm IST

कोलकाता, तीन जून (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी को बुधवार को समन जारी कर प्राथमिक विद्यालय में भर्ती में अनियमितताओं के मामले में 15 जून को केंद्रीय एजेंसी के समक्ष पेश होने को कहा है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि ईडी अधिकारियों की एक टीम शाम को दक्षिण कोलकाता में अभिषेक के कालीघाट रोड स्थित आवास पर गई और उनके एक कर्मचारी को समन सौंप दिया गया, क्योंकि तृणमूल महासचिव मौजूद नहीं थे।

उन्होंने बताया कि डायमंड हार्बर के सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक को साल्ट लेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स कार्यालय में एजेंसी के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया गया है।

ईडी 2022 से प्राथमिक शिक्षक भर्ती घोटाले की जांच कर रही है। एजेंसी ने इस मामले के संबंध में तृणमूल नेताओं से जुड़ी संपत्तियों पर कई छापे मारे हैं और राज्य के पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी सहित कई बड़े नेताओं को गिरफ्तार किया है।

पिछले एक साल में ईडी ने कई अधिकारियों से पूछताछ की और करोड़ों रुपये की संपत्ति जब्त की। जांचकर्ताओं को फर्जी नियुक्तियों, योग्यता सूची में हेरफेर और राज्य द्वारा संचालित स्कूलों में अवैध शिक्षक पदस्थापन करने वाले बिचौलियों से जुड़ी एक व्यापक साजिश का संदेह है।

अपराध से प्राप्त धन के स्रोत का आकलन कर रही ईडी के अलावा केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रहा है। साक्ष्य एकत्रित होने के साथ-साथ दोनों एजेंसियां ​​चरणबद्ध तरीके से आरोपपत्र दाखिल कर रही हैं।

अधिकारियों ने बताया कि अभियुक्त बिचौलियों से जुड़े संदिग्ध लेनदेन का पता चलने के बाद ईडी इस मामले में अभिषेक से जुड़ी कंपनी ‘लीप्स एंड बाउंड्स प्राइवेट लिमिटेड’ की भूमिका की जांच कर रही है।

धनशोधन की जांच के सिलसिले में कंपनी पर छापा मारा गया है और उसकी संपत्तियों को जब्त कर लिया गया है, जबकि बनर्जी ने किसी भी तरह की गड़बड़ी से साफ इनकार किया है।

भाषा शुभम सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में