बच्चों को तनावमुक्त, सुरक्षित माहौल देने के लिए शिक्षा व्यवस्था को बदलने की जरूरत: राहुल
बच्चों को तनावमुक्त, सुरक्षित माहौल देने के लिए शिक्षा व्यवस्था को बदलने की जरूरत: राहुल
नयी दिल्ली, 18 जुलाई (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि शिक्षा व्यवस्था को बिल्कुल नए सिरे से तैयार किया जाना चाहिए ताकि बच्चों के लिए तनावमुक्त एवं सुरक्षित माहौल बने, और माता-पिता को उनके त्याग का फल मिल सके।
राहुल ने देहरादून में शुक्रवार शाम आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ रैली का एक वीडियो ‘एक्स’ पर साझा किया। उन्होंने मंच पर रिया कुमारी के पिता राजेश कुमार को बुलाया था। रिया ने पेपर लीक के आरोपों के बाद मई में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) परीक्षा रद्द होने के कारण आत्महत्या कर ली थी।
लोकसभा मे नेता प्रतिपक्ष ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘रिया के पिता, राजेश जी बेटी को खोकर इस तरह टूटे कि उन्हें देखने वाले हर शख्स की आंखें भर आईं। यह सिर्फ एक परिवार का दर्द नहीं। पेपर लीक ने ऐसे कई परिवारों से उनका बच्चा छीन लिया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हर नाम के पीछे एक मां है, एक पिता है जिनके लिए अब कोई कल नहीं।’’
राहुल ने कहा, ‘‘इस व्यवस्था को नए सिरे से बनाना होगा जहां बच्चों को तनाव नहीं, सुरक्षा मिले। और मां-बाप को उनके त्याग का फल मिले, आंसू नहीं।’’
इससे पहले शुक्रवार को राहुल ने कहा था कि शैक्षणिक संस्थानों और परीक्षा एजेंसियों पर किसी राजनीतिक दल या संगठन का कब्जा नहीं होना चाहिए।
उन्होंने प्रश्नपत्र लीक की समस्या को दूर करने के लिए देश में ‘‘राजनीतिक सहमति’’ बनाने की वकालत की।
भाषा
खारी वैभव
वैभव

Facebook


