चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल मैचों के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई

चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल मैचों के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई

चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल मैचों के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई
Modified Date: March 24, 2026 / 09:21 pm IST
Published Date: March 24, 2026 9:21 pm IST

बेंगलुरु, 24 मार्च (भाषा) बेंगलुरु शहर पुलिस ने मंगलवार को बताया कि आगामी आईपीएल क्रिकेट मैचों के लिए एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

इस स्टेडियम में दो मैच खेले जाएंगे।

विश्व की सबसे बड़ी टी20 लीग का 19वां संस्करण 28 मार्च से शुरू हो रहा है।

कार्यक्रम के अनुसार, टूर्नामेंट के शुरुआती मैच में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा।

पांच अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स से होगा।

पुलिस ने बताया कि स्टेडियम परिसर में सख्त नियंत्रण लागू रहेगा और वैध टिकट के बिना किसी भी व्यक्ति को स्टेडियम के पास या अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी।

पुलिस ने बताया कि सुरक्षा के लिए बहुस्तरीय प्रणाली लागू की गई है, जिसमें क्यूआर आधारित प्रवेश नियंत्रण और सभी प्रवेश द्वारों पर तलाशी शामिल है।

पुलिस के अनुसार, वास्तविक समय की निगरानी के लिए 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। निगरानी का समन्वय पुलिस नियंत्रण कक्ष के साथ-साथ स्टेडियम के विशेष नियंत्रण कक्षों के माध्यम से किया जाएगा।

बेंगलुरु शहर के पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने कहा कि एक समिति की सिफारिशों के अनुरूप स्टेडियम में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जिसका मुख्य उद्देश्य दर्शकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

उन्होंने जनता से स्टेडियम में समय पर पहुंचने का आग्रह किया।

भाषा

राखी रंजन

रंजन


लेखक के बारे में