निर्वाचन आयोग ने मतदान से 48 घंटे पहले नंदीग्राम के पुलिस पर्यवेक्षक को बदला
निर्वाचन आयोग ने मतदान से 48 घंटे पहले नंदीग्राम के पुलिस पर्यवेक्षक को बदला
कोलकाता, 21 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र में मतदान से महज दो दिन पहले, मंगलवार को निर्वाचन आयोग ने पुलिस पर्यवेक्षक को बदल दिया। आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि नंदीग्राम के पुलिस पर्यवेक्षक हितेश चौधरी को हटाकर उनकी जगह अखिलेश सिंह को नियुक्त किया गया है।
यह कार्रवाई तृणमूल कांग्रेस द्वारा नंदीग्राम पुलिस थाने के प्रभारी-अधिकारी के खिलाफ पक्षपात के आरोप लगाने के एक दिन बाद की गई।
सोमवार को पुलिस पर्यवेक्षक को लिखे पत्र में तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि भाजपा सदस्यों के खिलाफ पार्टी (तृणमूल) कार्यकर्ताओं द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
आयोग के अधिकारी ने कहा, ‘‘सत्तारूढ़ दल ने पुलिस पर्यवेक्षक से तत्काल हस्तक्षेप करने का आग्रह किया था।’’ उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने के तुरंत बाद पर्यवेक्षक को बदलने का आदेश जारी किया गया।
निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में 84 पुलिस पर्यवेक्षकों को तैनात किया है, जिनमें से प्रत्येक अधिकारी को चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था की निगरानी के लिए कई निर्वाचन क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इससे पहले, आयोग ने मालदा और जंगीपुर में तैनात पर्यवेक्षकों को बदल दिया था।
पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव दो चरणों में होना है। प्रथम चरण का मतदान 23 अप्रैल को और दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। मतगणना 4 मई को होगी।
भाषा सुभाष दिलीप
दिलीप

Facebook


