निर्वाचन आयोग ने टीएमसी चुनाव चिह्न मामले में ऋतब्रत गुट से और दस्तावेज मांगे
निर्वाचन आयोग ने टीएमसी चुनाव चिह्न मामले में ऋतब्रत गुट से और दस्तावेज मांगे
नयी दिल्ली, 12 सितंबर (भाषा) निर्वाचन आयोग ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर दावे को लेकर जारी विवाद में शनिवार को ऋतब्रत बनर्जी गुट से और दस्तावेज मांगे। वहीं, ममता बनर्जी के नेतृत्व वाला गुट भी आयोग के सामने पेश हुआ।
पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत बनर्जी ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने आयोग की पूर्ण पीठ के सामने मौखिक रूप से अपनी बातें रखीं और सवालों के जवाब दिए।
सुनवाई के दौरान कुछ दस्तावेज भी दिखाए गए, जिसके बाद आयोग ने दिन खत्म होने से पहले अतिरिक्त दस्तावेज जमा करने को कहा।
यह सुनवाई ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस और ऋतब्रत गुट के बीच पार्टी के संगठन पर नियंत्रण तथा पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न पर दावे को लेकर जारी विवाद के बीच हो रही है।
ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट के प्रतिनिधि भी शनिवार को आयोग से मुलाकात कर रहे हैं। उसके पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में डेरेक ओब्रायन, कल्याण बनर्जी, सागरिका घोष, साकेत गोखले और अधिवक्ता अभिनव सिंह शामिल हैं।
आयोग की यह सुनवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि यह छह अक्टूबर को होने वाले नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीट के उपचुनाव से पहले हो रही है। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 16 सितंबर है।
यह पूछे जाने पर कि क्या ऋतब्रत गुट को नामांकन की अंतिम तारीख से पहले चुनाव चिह्न को लेकर कोई आश्वासन मिला है, बनर्जी ने कहा कि उसने आयोग से विशेष रूप से अनुरोध किया है कि वह समय सीमा से पहले इस मामले में फैसला करे।
बनर्जी ने कहा, ‘हमने अपनी बातें रख दी हैं। हम आज ही कुछ और दस्तावेज जमा करेंगे। अब हमें इस सर्वोच्च संस्था के फैसले का इंतजार करना होगा।’
उन्होंने कहा कि गुट को भरोसा है कि उसे टीएमसी का चुनाव चिह्न मिल जाएगा।
भाषा जोहेब रंजन
रंजन

Facebook


