निर्वाचन आयोग ने असम में पांच डीईओ का तबादला किया
निर्वाचन आयोग ने असम में पांच डीईओ का तबादला किया
गुवाहाटी, 16 मार्च (भाषा) निर्वाचन आयोग ने असम विधानसभा चुनाव की घोषणा किये जाने के एक दिन बाद सोमवार को राज्य के पांच जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ) का तबादला कर दिया।
आयोग ने कोकराझार, माजुली, बक्सा, चिरांग और उदालगुड़ी के डीईओ को तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित कर दिया है।
निर्वाचन आयोग ने असम के मुख्य सचिव रवि कोटा को भेजे गए एक पत्र में कोकराझार के डीईओ पंकज चक्रवर्ती की जगह डॉ. पी उदय प्रवीण, माजुली के रतुल पाठक की जगह सृष्टि सिंह और बक्सा के धीरज सऊद की जगह किम्नेई चांगसन को नियुक्त करने का आदेश दिया है।
इसी के साथ चिरांग के डीईओ गकुल चंद्र ब्रह्मा की जगह मधुसूदन नाथ और उदालगुड़ी के पुलक पाटगिरी के स्थान पर जय विकास को तत्काल प्रभाव से नियुक्त किया गया है।
पत्र में कहा गया है कि नए अधिकारियों के कार्यभार ग्रहण करने से संबंधित अनुपालन रिपोर्ट मंगलवार को अपराह्न तीन बजे तक निर्वाचन आयोग को भेज दी जानी चाहिए।
आयोग ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि हटाए गए अधिकारियों को चुनाव पूर्ण होने तक किसी भी चुनाव संबंधी पद पर तैनात नहीं किया जाएगा।
सभी पांच स्थानांतरित जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ) असम सिविल सेवा (एसीएस) के अधिकारी हैं और उनके स्थान पर भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारियों को नियुक्त किया गया है।
डॉ. पी. उदय प्रवीण 2016 बैच के आईएएस अधिकारी हैं, जबकि सृष्टि सिंह और जय विकास 2021 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। चांगसन और नाथ 2014 बैच के आईएएस अधिकारी हैं।
निर्वाचन आयोग ने इससे पहले दिन में मुख्य सचिव को पत्र लिखकर 2010 से 2021 बैच के सभी आईएएस अधिकारियों के नाम उपलब्ध कराने को कहा था।
अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचन आयोग विभिन्न डीईओ के कार्य से संतुष्ट नहीं था और नए अधिकारियों की नियुक्ति करना चाहता था।
असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए नौ अप्रैल को मतदान होगा जबकि मतगणना चार मई को होगी।
भाषा धीरज रंजन
रंजन

Facebook


